हाईवे पर अतिक्रमण के खिलाफ पंचायतों ने खोला मोर्चा
उपायुक्त से मिलकार रेहड़ियों को हटाने के लिए सौंपा जाएगा ज्ञापन
दुकानदार व ढाबा संचालकों को लाइसेंस लेने के बाद भी नहीं है कार्य
संवाद न्यूज एजेंसी
धर्मपुर (सोलन)। कालका-शिमला हाईवे पांच पर अवैध रूप से लग रही रेहडिय़ों और खोखे को लेकर चार पंचायतें मोर्चा खोलने वाली है। इसके लिए पंचायत प्रतिनिधियों की ओर से बैठक कर ली गई है। जल्द ही पंचायत प्रतिनिधि उपायुक्त से बातचीत कर हाईव से अवैध रेहड़ी-फड़ी हटाने की मांग करेंगे।
हाईकोट के आदेशों के बाद हाईवे से सभी रेहड़ी-फड़ी को हटाया गया था लेकिन अब अवैध रूप से रेहड़ी-फड़ी हाईवे पर दिखना शुरू हो गई है। इसका खामियाजा लाईसेंस लेकर कार्य कर रहे दुकानदारों पर पड़ रहा हैं। स्थानीय दुकानदारों की समस्या को लेकर पंचायतों की ओर से ये कदम उठाया जा रहा है ताकि दुकानदार अपना कार्य सही प्रकार से कर सके।
हाईवे पर पडने वाली ग्राम पंचायत धर्मपुर, सनवारा, जाबली व कोटि नाभ पंचायत प्रतिनिधियों का कहना है कि हाईवे पर सरकारी भूमि पर मनमाने ढग़ से प्रवासी अतिक्रमण कर रहे हैं। लेकिन जिला प्रशासन व एनएचएआई की ओर से अतिक्रमणकारियों पर कोई कारवाई नहीं की जा रही है। हालांकि उच्च न्यायालय के आदेशों के बाद भी जिला प्रशासन की ओर से कारवाई की गई थी। इसके बाद फिर अतिक्रमण होना शुरू हो गया है। इसको लेकर हाईवे की चार पंचायत प्रतिनिधि अतिक्रमण कर बैठे लोगों के खिलाफ मुहिम छेड़ने वाले हैं। बैठक में अतिक्रमण के खिलाफ प्रस्ताव पास कर उपायुक्त और उच्च न्यायालय से अपील की जाएगी। हाईवे पर अवैध पार्किंग का सिलसिला भी जारी है। इस कारण दुर्घटनाओं का अंदेशा बना रहता है।
दो हाईवे पेट्रोलिंग वाहन भी नहीं हटा रहे अवैध खोखे
हाईवे पर पुलिस और एनएचएआई की ओर से हाईवे पेट्रोलिंग चलाई जा रही है। यह दोनों वाहन अतिक्रमण कर बैठे लोगों को नहीं हटा पा रहे हैं। इस कारण हाईवे पर अतिक्रमण का सिलसिला लगातार जारी है।