Madhala Himuda colony wailing for basic developmental facilities in Baddi
बद्दी(सोलन)। हिमुडा कालोनी मधाला नौ साल बीतने के बाद भी विकसित नहीं हो पाई है। इससे तंग आकर रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन हाउसिंग कालोनी मधाला हिमुडा के खिलाफ लामबंद होना शुरू हो गई है। प्लाट धारकों का कहना है कि यह कालोनी 35 फीसदी डेवलप हो गई है लेकिन लोगों से किए वादे पूरा करने में नाकाम रहे हैं। इसके चलते एसोसिएशन 15 सितंबर से क्रमिक भूख हड़ताल शुरू करने का फैसला लिया है।
उसके बाद भी हिमुडा ने कोई कार्रवाई नहीं की तो एसोसिएशन के प्रधान आमरण अनशन पर बैठेंगे। एसोसिएशन के एक्शन कमेटी के प्रधान राज कुमार ग्रोवर और उपाध्यक्ष हरिचंद ने बताया कि मधाला में हिमुडा ने कालोनी बनाकर खरीदारों को लुभाने के लिए बड़े वादे किए। नौ साल बीतने के बाद यहां पर कोई भी विकास नहीं हुआ है जिससे कालोनी जंगल में तबदील हो गई है।
यहां पर कभी कूड़ा नहीं उठाया जाता। पानी की दर देश के किसी भी राज्य में इतनी मंहगी नहीं होगी। कामिर्शियल 77 रुपये प्रति यूनिट तथा आम लोगों को 17.60 रुपये प्रति यूनिट रखी गई है। इसके अलावा हर साल दस फीसदी रेट बढ़ाया जाएगा। कालोनी में सुरक्षा की कोई व्यवस्था नहीं है। सड़क टूटी हुई है। लोगों ने मकान तो बना लिए हैं लेकिन वहां पर बिजली पहुंचाने के लिए खंभे की कोई व्यवस्था नहीं है। सीवरेज लाइन पूरी तरह से खराब हो गई है। प्लाट धारक इन समस्याओं को लेकर आंदोलन पर जा रहे हैं।