कंडाघाट (सोलन)। कालका-शिमला नेशनल हाईवे-5 पर डेढ़घराट के समीप अचानक पहाड़ी से मलबा गिरने से करीब आधा घंटा वाहनों की आवाजाही बंद हो गई। फोरलेन निर्माता कंपनी की टीम ने मौके पर पहुंच सड़क से मलबा हटाकर यातायात सुचारु किया।
गनीमत रही कि वाहन चालकों ने पहाड़ दरकता देख लिया और तुरंत वाहनों की ब्रेक लगा दी। इससे वाहन बाल-बाल बच गए। पहाड़ से भूस्खलन होने का विडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है।
जानकारी के अनुसार सोलन से कैथलीघाट तक दूसरे चरण में फोरलेन कार्य किया जा रहा है। इसे लेकर लगातार पहाड़ों की कटिंग की जा रही है। कटिंग के दौरान हाईवे पर डेढ़घराट के समीप अचानक पहाड़ी से भूस्खलन हो गया। इसके बाद लोगों ने इसकी सूचना फोरलेन कंपनी को दी।
फोरलेन टीम ने तुरंत मौके पर आकर सड़क से मलबा हटाने का कार्य युद्धस्तर पर शुरू किया। हाईवे पर परवाणू से शिमला तक फोरलेन का कार्य चला हुआ है। ऐसे में पहाड़ की कटिंग करते हुए कई बार पहाड़ी दरकने के मामले सामने आ रहे हैं।
बरसात के दिनों में भी इसी तरह से पहाड़ी दरकने के तीन से चार मामले सामने आए थे लेकिन एक बार फिर फोरलेन का काम रफ्तार पकड़ रहा है। ऐसे में कटिंग के दौरान बुधवार को भी पहाड़ी दरकने का मामला सामने आया है। उधर, कंडाघाट पुलिस थाना प्रभारी बृजलाल ने बताया कि मार्ग बंद होने की उन्हें कोई सूचना नहीं मिली।