कालका शिमला हाईवे पर सनवारा के नजदीक दरका पहाड़। संवाद
- फोटो : SOLAN
धर्मपुर(सोलन)। कालका-शिमला एनएच पर पहाड़ी दरकने से सनवारा के समीप भारी चट्टानें और पत्थर सड़क पर पहुंच गए। इसके बाद एनएच को वनवे करना पड़ा। मामला मंगलवार देर रात का है। हालांकि इसमें कोई जानी नुकसान नहीं हुआ लेकिन इस बीच वाहन चालकों को खासी परेशानी झेलनी पड़ी। इसकी सूचना फोरलेन कंपनी को दी गई। इसके बाद कंपनी की टीम सड़क से मलबा हटाने में जुट गई।
जानकारी के अनुसार कालका-शिमला एनएच पर फोरलेन कटिंग के बाद कई क्षेत्रों के पहाड़ कमजोर हो गए हैं। हल्की बारिश के बाद भी ये पहाड़ दरक रहे हैं। मंगलवार देर रात को रेलवे फाटक सनवारा के समीप पहाड़ी दरकने से मलबा और भारी पत्थर एनएच तक पहुंच गए।
गनीमत रही कि इस बीच पहाड़ी वाली लेन से कोई भी वाहन नहीं गुजर रहा था वरना कोई बड़ा हादसा हो सकता था। इसकी सूचना फोरलेन कंपनी को दी गई जिसके बाद कंपनी की टीम ने जेसीबी मशीन के साथ पत्थर सहित मलबे को हटाने का कार्य शुरू कर दिया।
ग्रिल कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर बलविंद्र सिंह ने बताया कि पहाड़ से भूस्खलन हो रहा है लेकिन मशीनें और कामगारों को लगाकर पत्थर और मलबा हटाकर मार्ग बहाल कर दिया गया। इस बीच यातायात प्रभावित नहीं होने दिया जा रहा।