Lady found dead in a room in Baddi postmortem done at IGMC Shimla
बद्दी (सोलन)। बद्दी के बिलांवाली में बंद कमरे में महिला का संदिग्ध हालत में मिले शव को पुलिस ने आईजीएमसी शिमला में पोस्टमार्टम करवाया है। महिला की अभी तक शिनाख्त नहीं हो पाई है। बताया जा रहा है कि महिला यूपी की रहने वाली थी।
महिला का शव सड़ गया था। इसके चलते पुलिस ने आईजीएमसी में पोस्टमार्टम करवाया। पुलिस ने हत्या की आशंका को देख जांच टीम गठित कर सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ स्थानीय लोगों से भी पूछताछ शुरू कर दी है। मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा।
जानकारी के अनुसार बद्दी के हरिपुर संडोली में दो दंपती कमरा लेने आए थे। जब मकान मालिक ने उनका नाम और पता पूछा तो उन्हें कोई भी आईडी देने से मना कर बाद में देने की बात कही। इस बीच व्यक्ति महिला को कमरे में बंद कर खुद बाहर से ताला लगा कर चला गया। जब कमरे से दुर्गंध आने लगी तो मकान मालिक ने पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने दरवाजा तोड़ा तो अंदर महिला का सड़ा-गला शव मिला।
डीएसपी नवदीप सिंह ने बताया कि पुलिस ने आईजीएमसी शिमला में पोस्टमार्टम करवाया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का पता चलेगा। प्रारंभिक जांच में पुलिस मान रही है कि महिला के साथ जो व्यक्ति यहां आया था, उसी ने महिला को मारा है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच कर रही है।