संवाद न्यूज एजेंसी
धर्मपुर/चायल (सोलन)। पर्यटन क्षेत्र कसौली और चायल रविवार को पर्यटकों से गुलजार रहे। वीकेंड पर दिन भर पर्यटकों के कसौली और चायल का रुख करने से सड़कों पर जाम की स्थिति बनी रही। अधिक जाम की समस्या गढ़खल से कसौली की ओर देखने को मिली।
लोगों को कसौली पहुंचने के लिए एक घंटे तक लंबे जाम में फंसना पड़ा। कई पर्यटकों ने आधे रास्ते से वापसी करने में भलाई समझी जबकि कुछ पर्यटक कतार में खड़े रहे। जाम को खुलवाने के लिए कसौली पुलिस ने काफी मशक्कत की लेकिन तंग पर अवैध पार्किंग के चलते जाम लगा रहा। वहीं रविवार को कसौली में मेला होने के चलते स्थानीय लोगों ने कसौली का रुख किया।
बरसात से मौसम का मिजाज बदल गया है। पहाड़ों पर धुंध रहने से नजारा देखते ही बनता है। मौसम की अटखेलियों को पर्यटक काफी पसंद करते हैं। इस नजारे को देखने और बाहरी राज्यों में पड़ रही चिपचिपी गर्मी से राहत पाने के लिए प्रदेश का रुख कर रहे है। पर्यटन हब में रविवार को खुशनुमा मौसम में पर्यटकों ने लुत्फ उठाया।
साथ ही कसौली में मेले और दंगल का भी आनंद लोगों ने लिया। मेले के कारण कसौली की तिब्बतीयन मार्केट, हेरिटेज मार्केट और अन्य स्थानों पर स्थानीय लोगों का जमावड़ा लगा रहा। मेले के आयोजक और कैंट बोर्ड के सदस्य राजकुमार सिंगला और देवेंद्र गुप्ता ने बताया कि मेला धूमधाम से मनाया गया। इसमें स्थानीय और बाहरी राज्यों के पहलवानों ने दमखम दिखाया।