नगर परिषद ने टीम का किया गठन, क्षेत्र में लगातार की जा रही फॉगिंग
अब तक कई घरों में मिल चुका मच्छर का लारवा, विभाग कर रहा जागरूक
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। औद्योगिक क्षेत्र परवाणू में टंकियों के टूटे ढक्कन और लारवा मिलने पर संबंधित मालिक का चालान काटा जाएगा। यह चालान स्वास्थ्य विभाग नगर परिषद के माध्यम से करवाएगा।
डेंगू के मामले न बढ़े इसे लेकर विभाग की ओर से सख्त कदम उठाया गया है। हालांकि वर्तमान में कई घरों में स्वास्थ्य विभाग की टीम को जांच के दौरान मच्छर का लारवा मिला है। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने पानी को फेंकवाया है। वहीं संबंधित मालिक को हिदायत भी दी है कि वह पानी टंकियों के ढक्कन को बदलवाए ताकि मच्छर का लारवा न जम सके। इसके साथ विभागीय टीम ने आगामी दिनों में फिर घरों का औचक निरीक्षण करने की हिदायत दी है।
गौरतलब है कि औद्योगिक क्षेत्र परवाणू में डेंगू ने बीते वर्ष करीब 1800 से अधिक लोगों को डंक मारा था। इस बार डेंगू आउटब्रेक न हो इसके लिए स्वास्थ्य महकमे ने पहले ही कमर कसी हुई है और टीम का गठन किया हुआ है। यह टीम घर-घर जाकर पानी की टांकिया, कूलर समेत अन्य चीजों की जांच कर रही है। ऐसे में कई घरों में टीम को लारवा भी मिल रहा है। इसके साथ उद्योगों में भी टीम की ओर से जांच की जा रही है। वहीं नगर परिषद परवाणू की ओर से भी टीम का गठन किया हुआ है। यह टीम रोजाना अलग-अलग क्षेत्रों में जाकर फॉगिंग और दवाओं का छिड़काव कर रही है। लगातार जांच के दौरान मिल रहे लारवा के चलते टीम ने अब हिदायत लोगों को देनी शुरू कर दी है ताकि लोगों का डेंगू से बचाव हो सके। इसी बीच जिला स्वास्थ्य विभाग ने एक बार जांच के बाद दोबारा टूटे टंकियों के ढक्कन को न बदलने और लारवा मिलने पर चालान करने के लिए कहा है।
परवाणू में घर-घर जाकर लारवा की जांच की जा रही है। इसकी रिपोर्ट रोजाना जिला स्वास्थ्य विभाग के पास आ रही है। शुरुआत में ही कई घरों में टूटे टंकियों के ढक्कन मिले हैं। इन्हें बदलने के लिए कहा है। अगर पुन: जांच के दौरान व्यवस्था सही नहीं पाई गई तो नगर परिषद को इसकी रिपोर्ट जाएगी और चालान करवाया जाएगा।
-डॉ. अमित रंजन तलवाड़, जिला स्वास्थ्य अधिकारी, सोलन।