राष्ट्रीय स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता में विजेता खिलाड़ियों को समानित करते पंचायती राज मंत्री।
पुरुष टीम प्रतियोगिता में पीएसपीसीएल पंजाब ने मारी बाजी
कुमारहट्टी में ऑल इंडिया इलेक्ट्रिसिटी स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड की प्रतियोगिता आयोजित
ग्रामीण विकास मंत्री ने मेधावी खिलाड़ियों को किया सम्मानित
संवाद न्यूज एजेंसी
धर्मपुर (सोलन)। कुमारहट्टी में आयोजित तीन दिवसीय ऑल इंडिया इलेक्ट्रिसिटी स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड बैडमिंटन प्रतियोगिता का समापन हुआ। इस मौके पर ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। कसौली के विधायक विनोद सुल्लतानपुरी विशेष रूप से मौजूद रहे।
बैडमिंटन के डबल में पीएसपीसीएल के हरमिंदर सिंह गिल और लखविंदर पाल सिंह पहले स्थान पर रहे। उन्होंने यूपीएसजी के गोपाल सिंह और ललित कुमार को पराजित किया। एचपीएसजी के सुरेंद्र कुमार और वीरेंद्र कुमार एवं ओपीटीसीएल के जय प्रकाश सिंह तथा सत्या नारायण प्रधान तृतीय स्थान पर रहे। प्रतियोगिता के एकल वर्ग में पीएसपीसीएल के लखविंद्र पाल सिंह पहले, पीएसपीसीएल के हरमिंदर सिंह गिल दूसरे और एमएसपीजीसीएल के प्रियम शुभलोक तथा यूपीएसजी के रक्षित भंडारी तीसरे स्थान पर रहे।
पुरुष टीम प्रतियोगिता में पीएसपीसीएल पंजाब प्रथम, यूपीएसजी उत्तराखंड द्वितीय और ओपीटीसीएल ओडिसा एवं बीबीएमबी पंजाब तृतीय स्थान पर रहे। इस मौके पर मुख्यातिथि ने मेधावी खिलाड़ियों को सम्मानित भी किया। उन्होंने राष्ट्रीय खेलों की कबड्डी प्रतियोगिता में हिमाचल की स्वर्ण पदक विजेता टीम की वंदना ठाकुर को 51 हजार रुपये का चेक भेंट कर सम्मानित किया। प्रतियोगिता में 14 इकाइयों के करीब 100 खिलाड़ियों ने भाग लिया।