बद्दी (सोलन)। कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं दून के पूर्व विधायक चौधरी रामकुमार ने कहा कि सरकार की गलत नीतियों के चलते किसानों को खाद नहीं मिल रही है।
प्रदेश सरकार किसानों को खाद मुहैया करवाने में नाकाम रही है। इस बार अच्छी बारिश के बावजूद किसान खाद के लिए भटक रहा है। सौ बीघा जमीन के मालिक किसान को एक बोरी खाद देकर टाला जा रहा है।
संडोली गांव में किसानों की समस्याओं को सुनते हुए उन्होंने कहा कि पूंजीपतियों को सहयोग करने वाली यह सरकार जब से सत्ता में आई है, तभी से किसानों की मुसीबतें बढ़नी शुरू हो गई हैं। किसान मंडियों को बंद करने किसानों को अपने उत्पाद बेचने में दिक्कत आई।
मक्की दो साल पहले दो हजार रुपये प्रति क्विंटल बिक रही थी और वह अब एक हजार रुपये प्रति क्विंटल बिक रही है। पंजाब और हरियाणा में हिमाचल का धान न खरीदने से किसानों के लिए देरी से खरीद केंद्र खोले गए जिससे किसानों को अपना धान आधे दामों में बेचना पड़ा।
पूर्व विधायक ने कहा कि खाद की एक बोरी का वजन 50 किलो से घटाकर 45 किलो कर दिया है लेकिन रेट बढ़ाकर 1200 रुपये कर दिया। कांग्रेस के समय में गांव में जो खाद के डिपो खोले थे, उसमें किसानों को कोई खाद नहीं मिल रही है।
कांग्रेस के समय में खाद की जो फैक्टरियां बनाई गई थीं, उनकी खाद देश के किसानों को देने के बजाय दूसरे देशों में निर्यात किया जा रहा है। उन्होंने सरकार से मांग की है कि बीबीएन में किसानों को खाद उपलब्ध करवाई जाए अन्यथा किसानों को सड़कों पर उतर आंदोलन करने पर मजबूर होना पड़ेगा।
इस मौके पर उनके साथ दून ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष कुलतार ठाकुर, कांग्रेस के प्रदेश सचिव मदन चौधरी, पूर्व पंच बब्बी, जरनैल सिंह, पूर्व उपप्रधान भाग चंद शर्मा, अनंत राम, संजू, रणधीर मेहता भी उपस्थित रहे।