हाउसिंग बोर्ड के नागरिक सहायक अभियंता कार्यालय परिसर में नारेबाजी करत हुए। संवाद
- फोटो : SOLAN
बद्दी (सोलन)। हाऊसिंग बोर्ड कॉलोनी के फेस-2 में अचानक वोल्टेज बढ़ने से दो दर्जन उपभोक्ताओं के बिजली मीटर और उपकरण जल गए। लोगों ने इसकी सूचना बोर्ड अधिकारियों को फोन पर दी लेकिन कोई भी मौके पर नहीं पहुंचा। इस पर लोग भड़क गए और उपभोक्ताओं ने बिजली बोर्ड के सहायक अभियंता कार्यालय का घेराव कर नारेबाजी की।
हाउसिंग बोर्ड फेस-2 के रहने वाले ललित अग्रवाल, सुमन गंभीर, राजेश पाल, जयवीर कुमार, साहिल, विशाल और ललिता अग्रवाल समेत एक दर्जन लोग बद्दी के सहायक अभियंता कार्यालय परिसर में एकत्रित हुए और वहां पर बिजली बोर्ड के अधिकारियों के खिलाफ जम कर नारेबाजी की।
वहीं, ललित अग्रवाल ने बताया कि शुक्रवार सुबह साढ़े आठ बजे अचानक हाई वोल्टेज आई और फेस-2 में रहने वाले दो दर्जन लोगों के मीटर जल गए साथ ही उनके बिजली से चलने वाले लाखों के उपकरण, टीवी, फ्रिज और अन्य सामान जल कर राख हो गए जिससे लाखों का नुकसान हो गया। उन्होंने इसकी भरपाई की मांग की अन्यथा सभी प्रभावित उपभोक्ता बिजली बोर्ड के कार्यालय में धरना प्रदर्शन करेंगे।
उधर, बिजली बोर्ड के सहायक अभियंता संदीप कुमार ने बताया कि वह कोर्ट में होने के कारण फोन नहीं उठा पाए। उन्होंने कहा कि जेई को मौके पर भेजकर जले हुए मीटर बदल दिए। नुकसान की भरपाई के लिए उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया।