सोलन/धर्मपुर। क्रिसमस पर पर्यटक नगरी चायल और कसौली के निजी और सरकारी होटल सज गए हैं। 25 दिसंबर के लिए जिले के होटल पैक हैं। इस वर्ष पर्यटकों को वाइट क्रिसमस की कमी जरूर खल रही है। इसके बावजूद पर्यटक नव वर्ष तक बर्फबारी की उम्मीद लगाए हैं।
पर्यटकों के स्वागत और ठहरने के लिए होटल कारोबारियों ने बेहतरीन प्रबंध कर रखे हैं। इसमें देर शाम करीब आठ बजे से निजी होटल कारोबारियों सहित सरकारी पैलेस होटल में कई कार्यक्रम किए जाएंगे।
चायल पैलेस में प्रिंस और चायल क्वीन का चुनाव भी किया गया। इसके अलावा लेमन डांस, कैंडल डांस, बेस्ट कपल व बच्चों के लिए अनेक कार्यक्रम आयोजित होंगे। इस दौरान होटलों में डीजे का प्रबंध भी रखा है।
पर्यटक की सुरक्षा के लिए होटलों के आसपास और क्षेत्र की सड़कों पर पुलिस की तैनाती भी की गई है। चायल होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष देवेंद्र वर्मा ने बताया कि पर्यटकों के लिए उचित प्रबंधन किए है। 25 की रात सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जा रहा है।
व्हाइट क्रिसमस की खल रही कमी
कसौली रिजोर्ट के प्रबंधक पूर्ण चंद और होटल रुस्तम के बलवीर सिंह, होटल ग्लेन व्यू के मालिक रॉकी चिमनी, होटल आर मेडन के मालिक पीयूष सिंगला, होटल शिवालिक के मालिक वेद गर्ग, होटल न्यू रोज कोमन के मैनेजर अतुल सूद, होटल वुडक्रीक के मालिक भूपेश चौधरी ने बताया कि क्रिसमस से लेकर न्यू ईयर तक होटलों में शत-प्रतिशत बुकिंग हो गई है। बाहरी राज्यों के पर्यटक कसौली में सफेद क्रिसमस की उम्मीद कर रहे थे लेकिन जिस कारण उनमें थोड़ी निराशा है।
पर्यटक स्थलों पर पुलिस पेट्रोलिंग
एनएच सहित अन्य पर्यटक स्थलों में पुलिस जवान बाइकों सहित गाड़ियों से पेट्रोलिंग कर रहे हैं। शुक्रवार को भी कालका-शिमला एनएच पर डीएसपी परवाणू योगेश रोल्टा की अध्यक्षता में पुलिस टीम गश्त कर रही है। इसमें गाड़ियों की तलाशी ली जा रही है।