संवाद न्यूज एजेंसी
धर्मपुर (सोलन)। जिले में बढ़ती गर्मी के बीच कसौली क्षेत्र के कई जंगल आग की भेंट चढ़ चुके हैं। इसके चलते लाखों की वन संपदा राख हो चुकी है। बुधवार देर रात धर्मपुर के साथ लगते सिहारड़ी के जंगल में आग लग गई।
यह घटना देर रात 11 बजे हुई। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना वन और अग्निशमन विभाग को दी। टीम ने मौके पर पहुंच कर दो घंटे में आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि आग रिहायशी क्षेत्र में नहीं पहुंची।
जानकारी के अनुसार धर्मपुर पंचायत के वार्ड-10 में सिहारड़ी के जंगल में भीषण आग लग गई। आग के लगते ही साथ लगते रिहायशी मकानों में रह रहे लोग बाहर आ गए और आग पर काबू पाने लगे। हवा के कारण लगातार आग ने पूरे जंगल को चपेट में ले लिया।
लोगों ने तुरंत सूचना अग्निशमन विभाग को दी और टीम ने मौके पर जाकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया। वन क्षेत्राधिकारी धर्मपुर प्रमोद शर्मा ने बताया कि वन्य कर्मचारियों की टीमें जंगलों में आग बुझाने का कार्य कर रही हैं। आग से वन संपदा को काफी नुकसान हो रहा है। लोगों से अपील है कि अगर निजी जमीन पर भी आग लगाते हैं तो पहले विभाग को सूचित करें।
ये जंगल हो चुके हैं राख
क्षेत्र में बीते तीन दिन से सीआरपीएफ के आसपास के क्षेत्रों, डगशाई के साथ लगते जंगल, कयारद, धार की बेड, सिहारड़ी व डगशाई स्थित सेना की कार्यशाला के नजदीक आग लगने से लाखों रुपयों की वन संपदा राख हो चुकी है। पेड़ों के जल जाने से टहनियां विद्युत तारों पर आकर गिर रही हैं। इस कारण बिजली के कट भी लग रहे हैं। आग से हरे भरे जंगलों का रंग काला पड़ रहा है।