संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। जिले में 18 से 59 आयु वर्ग के लोग निजी स्वास्थ्य संस्थानों में एहतियातन टीकाकरण (बूस्टर) करवा सकते हैं। कोविशील्ड की डोज कीमत देकर लगाई जा सकेगी। इसका वहन व्यक्ति को खुद करना होगा।
शुक्रवार को जिला स्तरीय निगरानी समिति की बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त कृतिका कुलहरी ने की। इसमें स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने पर चर्चा की गई। वहीं टीकाकरण की रफ्तार तेज करने के लिए उपायुक्त ने निर्देश दिए।
बैठक के दौरान विश्व स्वास्थ्य संगठन के निगरानी समिति के चिकित्सा अधिकारी डॉ. गगन और डॉ. मेघा प्रकाश ने जन्म लेने वाले बच्चों को लगने वाली खुराक को लेकर जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य संस्थान मे जन्म लेने वाले सभी बच्चों को बीसीजी का टीका और पोलियो की अतिरिक्त खुराक (जीरो डोज) जन्म के समय दी जाती है। यदि भूलवश कोई टीका छूट गया है तो स्वास्थ्य कार्यकर्ता एवं चिकित्सक से संपर्क कर टीका लगवा सकते हैं।
उन्होंने कहा कि सभी टीके उपस्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सरकारी अस्पतालों में निशुल्क लगाए जाते हैं। बच्चों में बीसीजी का टीका डीपीटी की तीन खुराकें, पोलियो की तीन खुराकें व खसरे का टीका नवजात शिशु के एक वर्ष की आयु से पहले लगवाना जरूरी है।
बैठक में गृह रक्षक समादेशक शिव कुमार शर्मा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजन उप्पल, उपमंडलाधिकारी कसौली डॉ. संजीव कुमार धीमान, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मुक्ता रस्तोगी और निजी स्वास्थ्य संस्थान से डॉ. एनके गुप्ता मौजूद रहे।