सोलन में गाड़ियों से की तोड़फोड़
- फोटो : अमर उजाला
रात के अंधेरे में पुलिस गश्त से बेखौफ शातिरों के हौसले बुलंद हैं। चोरी की वारदातों के अलावा अब लोगों की गाड़ियों को भी निशाना बनाया जा रहा है। देर रात चोरों ने शहर में खड़ी कई गाड़ियों को नुकसान पहुंचाया है। चंबाघाट में रणजी प्लेयर प्रवीण ठाकुर की गाड़ी के शीशे तोड़कर उसमें रखी महंगी क्रिकेट किट पर चोरों ने हाथ साफ कर लिया। इसके अलावा वुफर, एंप्लीफायर और दो महंगे सनग्लासेस भी गायब कर दिए।
रणजी प्लेयर ने बताया कि उसका वाहन फॉरेस्ट कालोनी के नीचे चंबाघाट में खड़ा था। चोरों ने शीशे तोड़े और अंदर रखा जरूरी सामान गायब कर दिया है। साथ खड़ी एक आई ट्वेंटी को भी निशाना बनाते हुए उसके शीशे तोड़े हैं। लेकिन उसमें से कुछ चोरी नहीं हो सका है। निरंकारी भवन के पास पार्क स्कूटी को ही शातिर गायब करके ले गए हैं। नरेश कुमार पुत्र राम रत्न निवासी नजदीक निरंकारी भवन सोलन ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करवाते हुए कहा है कि रात को उसने अपनी स्कूटी नंबर एचपी 64ए-2718 अपने कमरे पास खड़ी की थी।
इसे कोई अज्ञात व्यक्ति चोरी करके ले गया है। इसके अलावा रबौण में भी एक आईट्वेंटी के टायर गायब करने का मामला सामने आया है। इन वारदातों से लोगों में भय का माहौल है। हालांकि सड़कों या सुनसान जगहों पर गाड़ियां पार्क करना अवैध है। लेकिन शहर में पार्किंग की ज्वलंत समस्या है। लोगों को मजबूरन गाड़ियों सड़कों के किनारे खड़ी करनी पड़ रही है। शातिर आसानी से अपना निशाना बना रहे हैं।
रात्रि गश्त बढ़ाए पुलिस
कारोबारी भरत साहनी, मुकेश शर्मा मुन्नू के अलाव दीपक, अमित, मनोज कुमार, प्रवीण कुमार, मुकेश आदि ने पुलिस विभाग से गश्त बढ़ाने की मांग की है। साथ ही शहर और संभावित स्थानों पर बेहतर सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग की है। इससे चोरी की घटनाओं पर अंकुश लग सके। इनका कहना है कि सर्दियों में चोरी की वारदातें अधिक हो जाती हैं। लिहाजा पुलिस को रात्रि गश्त के अलावा शातिरों को पकडने के लिए अतिरिक्त प्रयास करने चाहिए।
बोरी में शराब लेकर जा रहा व्यक्ति पकड़ा
अर्की (सोलन)। अर्की में पुलिस ने गश्त के दौरान 36 बोतलें शराब की पकड़ी हैं। पुलिस विभाग के अनुसार बंगोरा कालीहटटी में टीम नाके पर थे। अंबा दत्त निवासी गांव जमलोग डाकघर कालीहट्टी एक बोरू (बोरी) उठाकर आ रहा था। शक के आधार पर रोककर बोरी की तलाशी ली तो 36 बोतलें देशी शराब की बरामद की गई।