शिव गौरी मंदिर भुड्ड में चोरों ने मंदिर का ताला तोड़ कर सोने व चांदी के जेवरात समेत हनुमान जी का गद्दा व नकदी पर हाथ साफ कर दिया। चोरों ने योजना के तहत चोरी को अंजाम दिया। इस दौरान चोरों ने पहले सीसीटीवी कैमरे का कनेक्शन काटा उसके बाद मंदिर की लाइट को गुल कर चोरी को अंजाम दिया।
शिव गौरी मंदिर भुड्ड के पुजारी महंत किशन दास शुक्रवार को 11 बजे मंदिर के गेट व मुख्य गेट पर ताला लगाकर अपनी कुटिया में सोने चले गए। सुबह चार बजे जब वह सोकर उठे तो देखा की मंदिर के दोनों ताले टूटे थे। शक होने पर उन्होंने मंदिर में जाकर देखा तो चोरों ने अंदर रखी अलमारी को तोड़ उसमें रखी चांदी की छड़ी, सोने की कंठी, हनुमान जी का गद्दा व 12 हजार रुपये नकदी ले गए। हनुमान जी की मूर्ति में सिंदूर लगा होने के कारण मूर्ति तो नहीं ले गए, लेकिन गद्दा जरूर ले गए।
महंत ने बताया कि मंदिर में टीवी, गैस सिलेंडर व अन्य सामान भी पड़ा था, लेकिन चोरों ने सोने चांदी के जेवरात व पैसे ही पर ही ध्यान दिया। चोरी की इस घटना से गांव में भय का माहौल बना हुआ है। मलपुर पंचायत प्रधान करनैल सैणी ने बताया कि सीसीटीवी कैमरे को विशेषज्ञ को दिखाया गया, लेकिन चोरी करने से पहले ही कैमरे का कनेक्शन काट लाइट काट दी थी जिससे कैमरे नहीं चले। उन्होंने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है।