कुठाड़ (सोलन)। पुलिस थाना कसौली के अंतर्गत पुलिस चौकी कुठाड़ के तहत चंडी माता मंदिर और चंडी स्कूल में तीन सितंबर को चोरी की वारदात को अंजाम देने के दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। कुछ दिनों पहले चंडी मंदिर से आरोपियों ने माता का छतर और अन्य समान पर हाथ साफ किया था। हालांकि, अभी तक पुलिस ने चोरी हुए सामान को इन आरोपियों से बरामद नहीं किया है। बताया जा रहा है कि एक आरोपी अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।
बुधवार को पुलिस ने इन तीनों आरोपियों से पूछताछ की। पुलिस ने इन्हें कोर्ट में पेश किया जिसके बाद तीनों को 14 सितंबर तक रिमांड पर भेजा गया है। अब पुलिस इस गिरोह के तीसरे आरोपी को पकड़ने की कोशिश में लगी है। कुछ दिनों पहले चंडी के कुछ युवकों ने एक संदिग्ध गाड़ी और दो युवकों को पुलिस चौकी कुठाड़ के पुलिस कर्मियों को पूछताछ के लिए सौंपा था।
इसी पूछताछ के चलते पुलिस ने सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई करते हुए शक के आधार पर पूछताछ के लिए लाए युवकों से इन दोनों चोरियों की जानकारी हासिल कर तीनों आरोपियों को पकड़ कर हिरासत में ले लिया है। थाना प्रभारी कसौली निर्मल दास ने बताया कि दो आरोपियों को पुलिस ने पकड़ लिया है। एक अन्य आरोपी को भी पुलिस जल्द गिरफ्तार कर लेगी।