अर्की (सोलन)। जखौली गांव में रात साढ़े आठ बजे आग लगने से गोशाला जलकर राख हो गई। जखौली गांव के अशोक कुमार की गोशाला में आग लगने से करीब डेढ़ लाख रुपये का नुकसान हुआ है। लेकिन पशुओं को सुरक्षित बचा लिया गया। अग्निशमन विभाग और स्थानीय लोगों के सहयोग से करीब तीन घंटे के बाद आग पर काबू पाया गया। आग थोड़ी देर और लगी रहती तो गोशाला के साथ रिहायशी मकान, सराय और भद्रकाली मंदिर सहित दुकानों को भी नुकसान पहुंच सकता था।
गोशाला में लगी आग के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। अनुमान लगाया जा रहा है कि आग शॉर्टसर्किट के कारण लगी है। फायर चौकी इंचार्ज अर्की भूपेंद्र सिंह ठाकुर ने कहा कि रात करीब साढ़े आठ बजे उन्हें टेलीफोन पर जखौली गांव में आग लगने की जानकारी मिली थी। उन्होंने सूचना मिलते ही तुरंत घटना स्थल पर पहुंचकर स्थानीय लोगों के सहयोग से करीब तीन घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इसमें करीब डेढ़ लाख का नुकसान हुआ है। इसके साथ ही करीब एक करोड़ रुपये 20 लाख की संपत्ति को नुकसान होने से बचाया गया है। आग बुझाने में फायरमैन धर्मसिंह, कृष्ण चंद, होमगार्ड घुंगरी राम, राकेश कुमार, बीडीसी सदस्य राकेश कुमार, मोहन शर्मा, मनोहर ठाकुर, अमर भारद्वाज, हरीश शर्मा, रीता, दीपक और जय सिंह ठाकुर सहित स्थानीय लोग मौजूद रहे।