बद्दी थाना प्रभारी ने किया किशनपुरा ट्रेडिंग चोरी स्थल का दौरा
15 लाख रुपये के 33 कच्चे माल के ड्रम हुए थे चोरी
अमर उजाला ब्यूरो
बद्दी (सोलन)। किशनपुरा में एक ट्रेडिंग कंपनी की दीवार तोड़ कर चोरी हुए लाखों रुपये क कच्चे माल के मामले में बद्दी के थाना प्रभारी और अतिरिक्त थाना प्रभारी ने शुक्रवार को टीम सहित मौके का मुआयना किया। पुलिस ने जांच में पाया कि अज्ञात चोरों ने पहले दीवार को तोड़ कर बड़ा छेद किया और भीतर से कीमती केमिकल के ड्रम उड़ा लिए। इस मामले में फॉरेंसिक एक्सपर्ट की राय भी ली जा रही है।
पिछले दिनों किशनपुरा स्थित ट्रेडिंग और दवा उद्योगों को कच्चे माल की आपूर्ति करने वाली कैमोक्स लैब कंपनी का अज्ञात चोरों ने गोदाम की दीवार तोड़ कर भीतर से 33 कच्चे माल के ड्रम चोरी कर लिए थे। यह ड्रम पेटोप्रोजोल, मेट्रोबेनजोल, मेक्रोएगजोल समेत कई केमिकल के थे। इनकी कीमत करीब पंद्रह लाख रुपये आंकी गई है। कंपनी के संचालक केतुल सेठ की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज किया था। शुक्रवार को बद्दी के थाना प्रभारी इंस्पेक्टर जितेंद्र सिंह कंवर और अतिरिक्त थाना प्रभारी सब-इंस्पेक्टर प्रदीप ठाकुर ने अपनी टीम के साथ मौके का मुआयना किया। इस दौरान पाया गया कि अज्ञात लोगों ने नाले के साथ सुनसान स्थान पर कंपनी की दीवार को पहले तोड़ा और उसके बाद भीतर से कीमती केमिकल चुरा लिया गया। नाले के पास ही दो बोरियां पाउडर की भी पाई गई हैं, जिन्हें चोर उठा कर नहीं ले जा पाए।
थाना प्रभारी जितेंद्र कंवर ने बताया कि पुलिस इस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। हो सकता है कि किसी जानकार ने ही इस वारदात को अंजाम दिया है। उन्होंने बताया कि फॉरेंसिक एक्सपर्ट की राय भी ली जा रही है। इसके अलावा आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है ताकि मामले को शीघ्र सुलझाया जा सके। जब तक पुलिस को एफएसएल की रिपोर्ट नहीं आती तब तक हम अपने तरीके से छानबीन कर रहे है। जो भी दोषी होगा उसको बख्शा नहीं जाएगा। आज निरीक्षण और जांच के दौरान लघु उद्योग भारती औद्योगिक संगठन के सदस्य भी किशनपुरा पहुंचे। संगठन ने कहा कि शीघ्र ही दूध का दूध और पानी का पानी होना चाहिए।