अर्की (सोलन)। पुलिस थाना दाड़लाघाट के तहत अंबुजा सीमेंट कंपनी में कार्यरत एक मजदूर की मौके पर मौत हो गई है। मजदूर कन्वेयर बेल्ट में फंसकर करीब तीन किलोमीटर घसीटता हुआ फैक्ट्री पहुंच गया। यहां उसकी लाश को अन्य मजदूरों ने देखा और इसकी सूचना कंपनी प्रबंधन को दी।
मृतक की पहचान इंद्रदेव पुत्र प्रेम चंद निवासी गांव खनोट डाकघर बारी तहसील सरकाघाट जिला मंडी के रूप में हुई है। इंद्रदेव अंबुजा कंपनी का स्थायी कर्मचारी था। माइन से ही कन्वेयर बेल्ट की चपेट में आ गया और करीब तीन किलोमीटर कन्वेयर बेल्ट में ही फंसा रहा। कंपनी का क्रेशर प्लांट सीमेंट प्लांट सुल्ही से काफी दूर है और वहां इंद्रदेव अकेला ही कार्यरत था। इंद्र देव कश्लोग माइनिंग में कार्य करता था। मजदूर की मौत के बाद यूनियन उग्र हो गई है।
यूनियन के अनुसार इंद्रदेव अकेला ही ड्यूटी पर था जबकि वहां तीन-चार लोगों की ड्यूटी होनी चाहिए। यूनियन के प्रधान लच्छी राम ने बताया कि कंपनी ने छोटे कर्मचारियों की संख्या को कम कर दिया है और कई जगह अकेले ही कर्मचारी को ड्यूटी देनी पड़ती है। इससे ऐसे हादसे का डर बना रहता है। अगर इसके साथ एक कर्मचारी भी होता तो इसकी जान बच सकती थी। मौके पर एसडीएम अर्की छवि नांटा, डीएसपी दाडलाघाट अमित शर्मा और दाड़ला पुलिस पहुंची तथा घटना का जायजा लिया। डीएसपी दाड़लाघाट अमित शर्मा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए सीएचसी अर्की भेज दिया है तथा मामले की छानबीन जारी है।