मादा भालू के आक्रमण से एक व्यक्ति गंभीर घायल
चायल क्षेत्र के जनेड़घाट में वीरवार की दोपहर पेश आया मामला
अमर उजाला ब्यूरो
चायल (सोलन)। चायल क्षेत्र में जंगली भालू का प्रकोप दिनोंदिन बढ़ता जा रहा है। वीरवार को जंगल में पशु चराने गए एक व्यक्ति पर मादा भालू ने हमला बोल दिया। इससे उक्त व्यक्ति को आंख और सिर पर चोटें आई हैं। पीड़ित व्यक्ति ने इसकी शिकायत पुलिस चौकी जुन्गा में दी है।
जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत जनेड़घाट के भलागांव निवासी 65 वर्षीय चेतराम पशु चराने के लिए गांव के साथ लगते जंगल में गए थे। इस बीच मादा भालू ने उन पर अचानक से हमला कर दिया। इस पर वह चीखने-चिल्लाने लगा। उसकी आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे लेकिन तब तक मादा भालू मौके से भाग गई थी। इसके बाद घायल अवस्था में उक्त व्यक्ति को स्थानीय अस्पताल पहुंचाया गया। उक्त व्यक्ति के सिर और दाहिनी आंख में गंभीर चोटें हैं। वहीं पीड़ित व्यक्ति ने इसकी शिकायत जुन्गा चौकी में की है। वहीं स्थानीय लोगों ने प्रदेश सरकार से आदमखोर बन रहे भालू को पकड़ने के लिए वन विभाग को निर्देश जारी करने की मांग उठाई है।