सरकारी बस की कार से टक्कर, दो महिलाएं, एक बच्चे समेत चार घायल
दभोटा में हादसा, स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल में दाखिल करवाया गया
पुलिस ने बस चालक और परिचालक के बयान किए दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
नालागढ़ (सोलन)। नालागढ़-भरतगढ़ मार्ग पर दभोटा के पास कार और परिवहन निगम की बस में टक्कर से दो महिलाओं और एक बच्चे समेत कार चालक को चोटें आई हैं। सभी घायलों को अस्पताल में दाखिल किया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार दभोटा के पास कार और परिवहन निगम की बस में आमने-सामने टक्कर हो गई। इस हादसे के समय कार में दो महिलाएं, एक बच्चा और चालक सवार थे जिन्हें गंभीर चोटें आई हैं। हादसे के तुरंत बाद सभी घायलों को स्थानीय लोगों ने ही एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया। पुलिस में दर्ज रिपोर्ट में आशीष जसवाल पुत्र कर्ण सिंह निवासी गांव और डाकघर पंडोगा तहसील हरोली जिला ऊना ने बताया कि वह ऊना डिपो में बतौर परिचालक तैनात है। वह और चालक हरीश कुमार बस लेकर ऊना से कालका टाइम लेकर आ रहे थे। जब वे दभोटा पहुंचे तो नालागढ़ से आ रही एक कार के चालक ने स्कूल के पास मोड़ न काटते हुए कार को बस में ड्राइवर साइड वाले हिस्से से टकरा दिया। इससे कार में सवार दो महिलाओं, चालक और एक बच्चे को चोटें आई हैं।
एएसपी एनके शर्मा ने बताया कि पुलिस ने घायलों का मेडिकल करवाकर मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि घायलों की हालत स्थिर बनी हुई है। पुलिस मौके पर मौजूद लोगों से भी पूछताछ कर रही है। उन्होंने बताया कि कार में सवार लोगों के परिजनों को भी हादसे की सूचना दे दी गई है।