सुबाथू (सोलन)। प्रसिद्ध श्री गुग्गामाड़ी मंदिर में वीरवार देर रात चोरों ने सेंध लगाकर नकदी उड़ा ली। चोरों ने मूर्तियों सहित अन्य चांदी के आभूषण को हाथ नहीं लगाया है। यह मंदिर हजारों लोगों के आस्था का प्रतीक है। मंदिर में चोरी से लोगों में आक्रोश है। मंदिर के पुजारी ने चोरी की सूचना अन्य सदस्य को दी। इसके बाद पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामला दर्जकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार वीरवार को चोरों ने किसी कीमती वस्तु को हाथ नहीं लगाया। चोरों ने मंदिर के मेन गेट का ताला तोड़ मंदिर के भीतर दानपात्र को तोड़कर चढ़ाए पैसे और मूर्ति पर चढ़ा पैसों का हार चुराया। हालांकि श्री गुग्गावीर की मूर्ति पर चांदी का हार भी था। लेकिन चोरों ने मात्र पैसे के हार पर ही हाथ साफ किए। इससे मंदिर सदस्यों को शक है कि चोरी की घटना को नशेड़ियों ने अंजाम दिया है। मंदिर के पुजारी दिनेश शर्मा ने बताया कि वो सुबह साढ़े छह बजे मंदिर खोलने पहुंचे तो ताले टूटे पड़े थे। पिछले सप्ताह ही दानपात्र से कमेटी सदस्यों ने दान किया पैसा निकाल लिया था। ऐसे में दानपात्र में ज्यादा रकम नहीं थी। वीरवार रात हुई चोरी की यह वारदात सीसीटीवी कैमरे में भी कैद नहीं हुई है। पुलिस को मंदिर के पीछे शराब की बोतल, गिलास और नमकीन के पैक्ट पड़े मिले हैं। इससे दो बातें साफ हैं कि चोरी करने से पहले यहां मंदिर के पास ही शराब गटकी है। एसपी मोहित चावला ने बताया कि मंदिर कमेटी के महासचिव मिलखान चौहान की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्जकर जांच शुरू कर दी है।