बद्दी (सोलन)। विधानसभा चुनाव के चलते जिला पुलिस बद्दी के तहत थानों में लंबित मामलों को निपटाने के लिए अब पुलिस ने कसरत तेज कर दी है। इसके साथ पुलिस ने मकान मालिकों को उनके यहां रह रहे प्रवासी किरायेदारों के बारे में थाने में पूरी जानकारी देने को कहा है। उल्लंघन करने वालों और बाद में किसी वारदात में प्रवासी किरायेदार शामिल पाया जाता है तो संबंधित मकान मालिक के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। चुनावी ड्यूटियों के चलते लंबित पड़े मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने के लिए एसपी ने थाना प्रभारियों सहित जांच अधिकारियों को कड़े निर्देश जारी किए हैं।
एसपी राहुल नाथ की अध्यक्षता में जिला पुलिस बद्दी की शुक्रवार को आयोजित मासिक अपराध समीक्षा बैठक में उन्होंने थानों प्रभारियों को सुरक्षा चाक चौबंद रखने को कहा। एसपी ने प्रवासियों के आपराधिक वारदातों को अंजाम देकर फरार होने को लेकर उनके पंजीकरण करने, विभिन्न सिक्योरिटी एजेंसियों, जॉब प्लेसमेंट, ठेकेदारों सहित उद्योगों और मकान मालिकों से वेरिफिकेशन करवाने के भी निर्देश जारी किए हैं। सर्दी का मौसम आ गया है और इस मौसम में एटीएम से चोरी और लूट की घटनाओं में इजाफा होता है। ऐसे में बैठक में पुलिस अधीक्षक ने सभी थानाध्यक्षों को निर्देश दिए हैं कि वह गश्त अभियान को और मजबूत बनाएं।
उन्होंने थाना प्रभारियों को संदिग्धों पर स्वयं निगरानी रखने के निर्देश दिए ताकि किसी भी प्रकार की अनहोनी से बचा जा सके। उन्होंने थाना प्रभारियों को आदेश जारी करते हुए कहा कि यदि कोई व्यक्ति उन्हें संदिग्ध लगे तो उसे तुरंत हिरासत में लें और उससे कड़ी पूछताछ करें। उन्होंने सीमाओं की चौकसी को और अधिक मजबूत बनाने के थाना प्रभारियों सहित पुलिस कर्मचारियों को निर्देश दिए। सड़क हादसों को रोकने के लिए चालान काटो मुहिम को तेज करने कहा। साथ वाहन चालकों को जागरूक करने की हिदायत दी। उन्होंने लोगों से भी आहवान किया कि वह अपने नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने को न दें और वाहन चालक सभी दस्तावेज अपने पास रखें। उन्होंने टोल बैरियर सहित, बैंक व अन्य बड़े संस्थान सीसीटीवी कैमरे स्थापित करें ताकि आपराधिक वारदातों के बाद पुलिस के हाथ सुबूत लग सके। बैठक में डीएसपी बददी राहुल शर्मा, डीएसपी नालागढ़ अनिल वर्मा, एसएचओ बददी मस्त राम नाइक, एसएचओ बरोटीवाला जय सिंह ठाकुर, एसएचओ नालागढ़ जितेंद्र सिंह कंवर, एचएसओ रामशहर अजीत सिंह, महिला थाना प्रभारी रीता सहित जांच अधिकारी मौजूद रहे।