कुनिहार में हादसा, घायल आईजीएमसी रेफर
बस चालक और परिचालक के खिलाफ मुकदमा
अमर उजाला ब्यूरो
कुनिहार (सोलन)।
अर्की-कुनिहार मार्ग पर घाघर के पास परिवहन निगम की चलती बस की अचानक खिड़की खुलने से कॉलेज की छात्रा सड़क पर जा गिरी। हादसे में छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई है। इसे उपचार के लिए कुनिहार अस्पताल लाया गया जहां से प्राथमिक उपचार देने के बाद उसे शिमला रेफर कर दिया है।
छात्रा की हालत चिंताजनक बनी हुई है। छात्रा की पहचान अंजू कुमारी पुत्री प्रकाश चंद निवासी क्वालटा कुनिहार के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार अंजू अर्की कॉलेज में शिक्षा ग्रहण कर रही है। मंगलवार शाम को जब वह कॉलेज से वापस अपने घर सरकारी बस हमीरपुर-राजगढ़ में आ रही थी तो मंजयांट के पास चलती हुई बस की खिड़की अचानक खुलने से वह सड़क पर जा गिरी। इस कारण छात्रा को सिर पर गंभीर चोट लगी। छात्रा के साथ मौजूद उसके अन्य साथियों ने एंबुलेंस की मदद से उसे अस्पताल पहुंचाया।
डीएसपी दाड़लाघाट योगेश रोल्टा ने घटना की पुष्टि की है। बताया कि पुलिस ने बस चालक संजय कुमार और परिचालक हुक्म चंद के खिलाफ लापरवाही से बस चलाने का मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। इस संबंध में बस में सवार लोगों के बयान भी दर्ज किए हैं।