नालागढ़ (सोलन)। नालागढ़-बद्दी हाईवे पर भुड्ड में एक अज्ञात वाहन की मोटरसाइकिल से टक्कर के बाद एक व्यक्ति की मौत हो गई। इस सड़क दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में ले लिया।
पुलिस के अनुसार भुड्ड में सड़क की बाईं ओर एक बाइक दुर्घटनाग्रस्त पड़ी थी। इसके साथ ही सड़क पर एक व्यक्ति का शव पड़ा था जिसके सिर पर चोट लगी थी। पुलिस ने आसपास पूछताछ की लेकिन मौके पर किसी ने भी हादसे को नहीं देखा। पुलिस के मुताबिक यह हादसा किसी अज्ञात वाहन के बाइक को टक्कर मारकर फरार होने का है जिससे व्यक्ति की मौत हुई है।
पुलिस को मृतक के पास मिले आधार कार्ड व वाहन की आरसी पर मुताबिक मृतक की पहचान वीरेंद्र कुमार पुत्र दुर्गा राम निवासी गांव व डाकघर झबोला तहसील झंडूता जिला बिलासपुर के रूप में हुई है। एएसपी एनके शर्मा ने बताया कि पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचित किया और शव का पोस्टमार्टम करवाकर देह परिजनों को सौंप दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।