नालागढ़ (सोलन)। भरतगढ़-नालागढ़ मार्ग पर दभोटा के पास एक चौपहिया वाहन (छोटा हाथी) में अचानक लगी आग से छह लाख रुपये का नुकसान हो गया। आग की सूचना मिलते ही दमकल कर्मी तुरंत वाहन लेकर मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाया। आग लगने का कारण शॉर्टसर्किट बताया जा रहा है। आग वीरवार दोपहर को लगी जिससे वाहन को नुकसान हुआ है जबकि इसमें कोई हताहत नहीं हुआ है।
आग से वाहन फ्रंट हिस्सा, इंजन, टायर और वाहन में रखे कागजात सहित अन्य सामान जलकर राख हो गया। नालागढ़ उपमंडल के ढाणा व दभोटा मार्ग के मध्य खड़े एक चौपहिया वाहन में अचानक आग लग गई। धुआं और आग की लपटें देखकर तुरंत ही इसकी सूचना अग्निशमन केंद्र नालागढ़ को दी गई। 12.06 बजे मिली सूचना पर तुरंत ही दमकल अधिकारी पीर सहाय कौंडल की अगुवाई वाली एक टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने के कार्य में जुट गई। टीम में प्रशामक यशपाल व प्रवीण कुमार और चालक कमलेश कुमार शामिल रहे।
दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत से आग पर काबू पाया लेकिन तब तक चौपहिया वाहन का अगला हिस्सा आग की चपेट में आ गया। इससे करीब छह लाख रुपये का नुकसान हो गया है। अग्निशमन केंद्र नालागढ़ के प्रभारी पीर सहाय कौंडल ने बताया कि आग से छह लाख का नुकसान हुआ है जबकि दो लाख की संपत्ति को जलने से बचा लिया गया है। उन्होंने कहा कि आग शॉर्टसर्किट से लगी लेकिन आग से कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है।