संवाद न्यूज एजेंसी
नालागढ़ (सोलन)। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने नालागढ़ में शहीदी दिवस पर भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव को श्रद्धांजलि अर्पित दी। मुुख्यमंत्री ने इस अवसर पर हेरिटेज पार्क और जन सहयोग से निर्मित शहीद स्मारक का लोकार्पण भी किया। नालागढ़ में जन सहभागिता से निर्मित हेरिटेज पार्क के निर्माण पर लगभग 10 करोड़ रुपये व्यय हुए हैं। इस अवसर पर नालागढ़ उपमंडल के आठ शहीदों के परिजनों को सम्मानित भी किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश उन वीर सेनानियों का सदैव ऋणी रहेगा, जिन्होंने देश की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व त्याग कर दिया। उन्होंने कहा कि भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव की शहादत ने जन-जन के मन में क्रांति और साहस की अलख जगाई।
मुख्यमंत्री ने 1962 के भारत-चीन युद्ध में वीरगति को प्राप्त शहीद रामसरण, 1999 के कारगिल युद्ध में वीरगति को प्राप्त शहीद प्रदीप सिंह, 2002 के ऑपरेशन पराक्रम में वीरगति को प्राप्त शहीद जसविंद्र सिंह, 2003 के ऑपरेशन पराक्रम में वीरगति को प्राप्त शहीद सुरेंद्र सिंह, शहीद रामरत्न, वर्ष 2019 के ऑपरेशन पराक्रम में वीरगति को प्राप्त हुए शहीद शिव सिंह और शहीद गुरमेल सिंह एवं वर्ष 1976 के ऑपरेशन पराक्रम में वीरगति को प्राप्त शहीद रघुबीर सिंह के परिजनों को सम्मानित किया। उन्होंने हेरिटेज पार्क के निर्माण में योगदान के लिए एलिन अप्लाइंसेज के संयंत्र प्रमुख जेएस कांग और टोरेंट फार्मा बद्दी के संयंत्र प्रमुख सोमेन मेहती को भी सम्मानित किया।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. राजीव सैजल, दून के विधायक परमजीत सिंह पम्मी, विधायक लखविंद्र राणा, पूर्व विधायक केएल ठाकुर, जोगिंद्रा केंद्रीय सहकारी बैंक के अध्यक्ष योगेश भरतीय, प्रदेश जल प्रबंधन बोर्ड के उपाध्यक्ष दर्शन सिंह सैणी, प्रदेश गो सेवा आयोग के उपाध्यक्ष अशोक शर्मा, लघु उद्योग भारती के प्रदेशाध्यक्ष हरबंस पटियाल, जिला अध्यक्ष आशुतोष वैद्य, मंडल अध्यक्ष बलदेव ठाकुर, सीईओ डॉ. ऋचा वर्मा, उपायुक्त कृतिका कुलहरी, एसपी मोहित चावला उपस्थित रहे।