संवाद न्यूज एजेंसी
बरोटीवाला (सोलन)। कालूझिंडा स्थित अटल कूंज में एक निजी विवि में पढ़ाई कर रहे बीटैक के छात्र ने फंदा लगा लिया जिससे उसकी मौत हो गई। मृतक जयदीप (22) हरियाणा के हिसार जिले के सिसवाल गांव का रहने वाला था। वह विवि में कंप्यूटर साइंस में बीटेक कर रहा था। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है।
विवि में हिसार के जयदीप कंप्यूटर साइंस में बीटेक कर रहा था। वर्तमान में उसका तीसरा साल चल रहा था। वह विवि के हॉस्टल में रहता था। सुबह उसने अपने रूममेट के साथ नाश्ता किया। उसके बाद उसका साथी क्लास में चला गया लेकिन वह नहीं गया। जब वह कक्षा में नहीं पहुंचा तो उसके साथी उसे देखने कमरे में गए लेकिन कमरा अंदर से बंद था। किसी तरह दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे तो वह पंखे से लटका मिला।
विवि प्रबंधकों ने इसकी सूचना बरोटीवाला पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को नीचे उतारा। पुलिस ने सबसे पहले मृतक छात्र के परिजनों को सूचना दी। डीएसपी नवदीप सिंह ने बताया कि छात्र के पास से कोई भी सुसाइड नोट नहीं मिला। पुलिस इसकी जांच कर रही है।