संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी (सोलन)। बद्दी-नालागढ़ मार्ग पर मानपुरा के समीप एक बाइक से गिरकर 27 वर्षीय युवती की मौत हो गई। युवती एक कंपनी में साक्षात्कार देने के बाद वापस अपने कमरे को लौट रही थी। बताया जा रहा है कि उसने रास्ते में एक व्यक्ति से लिफ्ट ली थी। पुलिस ने युवती के पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
जानकारी के अनुसार यूपी के जिला सहारनपुर के बेहट तहसील के बोरली गांव की 27 वर्षीय युवती शिवानी पुत्र राजबीर मानपुरा में अपने भाई के साथ किराए के कमरे में रहती थी। वीरवार को वह अपनी सहेली के साथ बायोडील कंपनी में इंटरव्यू देने गई।
इंटरव्यू के बाद वह वापस अपने कमरे आ रही थी। जैसे ही वह मानपुरा के समीप पहुंची तो अचानक जंप लगने से बाइक से नीचे गिर गई। उसका सिर सड़क पर बजने से वह बेहोश हो गई। उसे नालागढ़ अस्पताल पहुंचाया गया जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने मृतक का नालागढ़ अस्पताल में पोस्टमार्टम करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। डीएसपी नवदीप सिंह ने बताया कि पुलिस जांच कर रही है।