संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। राज्य स्तरीय मां शूलिनी मेले में लोगों को खराब तेल में पकौड़े और ब्रेड पीस तलकर परोसे जाने पर स्वास्थ्य सुरक्षा विभाग ने कार्रवाई की है। विभाग ने दो दुकानों में तेल की बॉयलिंग मात्रा को जांचा तो वह निर्धारित मानकों से कम रही।
इसे पर विभाग की टीम ने छह लीटर तेल मौके पर फिंकवाया। कई जगहों पर टीम ने भंडारों का भी औचक निरीक्षण किया। भंडारों में सफाई व्यवस्था और खासकर डस्टबिन लगे हैं या नहीं, की जांच की जा रही है।
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने शहर में लगी खाद्य पदार्थों की दुकानों से कई खाद्य वस्तुओं के सैंपल एकत्र किए। इन सैंपलों को ठोडो मैदान में लगी फूड टेस्टिंग वैन में जांचा गया जिसकी रिपोर्ट सही पाई गई। दो दिनों में 20 सैंपलों की टेस्टिंग की हैं जिनकी रिपोर्ट ठीक आई है। चार दुकानों से भरे तेल के सैंपलों में दो फेल हुए हैं। इस पर टीम ने कार्रवाई की है।
मां शूलिनी मेले को लेकर पहली टीम खाद्य सुरक्षा अधिकारी दीक्षा कपिल की अध्यक्षता में गठित की है। इसे राजगढ़ रोड, कोटलानाला, ठोडो ग्राउंड और मुख्य बाजार का जिम्मा दिया गया है। दूसरी टीम खाद्य सुरक्षा अधिकारी अनुज शर्मा की देखरेख में बनाई गई है। यह टीम मालरोड, ठोडो मैदान, सपरून और अन्य जगहों पर निरीक्षण कर रही है।
उधर, विभाग के सहायक आयुक्त एलडी ठाकुर ने कहा कि लोगों की सेहत का ध्यान रखने के लिए विभाग की टीम मौके पर जाकर निरीक्षण कर रही है। दो दुकानों से छह लीटर तेल गिरवाया भी गया है।