बरोटीवाला (सोलन)। अटल शिक्षा कुंज कालूझिंडा की महाराजा अग्रसेन विवि में पढ़ रही बीकॉम द्वितीय वर्ष की छात्रा प्रिया की ट्रैक्टर के चपेट में आने से मौत हो गई है। छात्रा विवि से कक्षाएं लगाने के बाद घर जा रही थी। विवि के गेट के पास ही यह हादसा हुआ। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार हरियाणा के डोंला गांव की 19 वर्षीय छात्रा प्रिया बीकॉम दूसरे वर्ष में पढ़ती थी। दोपहर दो बजे वह विवि गेट से बाहर बस पकड़ने जा जा रही थी। जैसे ही वह गेट से बाहर मुख्य मार्ग पर आई तो दूसरी ओर से आए ट्रैक्टर ने उसे टक्कर मार दी। इससे वह बेहोश हो गई। उसे रामपुर जंगी स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। यहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। एएसपी नरेंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस ने कालका अस्पताल में पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। यह हादसा ट्रैक्टर चालक की लापरवाही से हुआ है। पुलिस ने ट्रैक्टर को सीज करने के बाद चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
विवि के पास नहीं पार्किंग
पंचायत प्रधान राजीव नेगी ने बताया कि विवि की अपनी कोई पार्किंग नहीं है। इसके चलते यहां पर शिक्षा ग्रहण करने वाले छात्र अपनी गाड़ियां सड़क पर खड़ी करते हैं। इससे सड़क पर गाड़ियों की आवाजाही के लिए तंग हो जाती है। इसकी चलते छात्रा हादसे का शिकार हुई। यहां पर पहले ही कई हादसे हो चुके हैं। विवि के वीसी आरके गुप्ता ने बताया कि जल्द ही विवि की पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी।