अर्की नगर पंचायत की आयोजित बैठक में मौजूद पदाधिकारी। संवाद
- फोटो : SOLAN
अर्की (सोलन)। नगर पंचायत कार्यालय में बुधवार को अध्यक्ष अनुज गुप्ता की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में एनएमडीसी की परियोजना बंद होने के चलते नगर पंचायत की भूमि वापस लेने पर चर्चा की गई।
इस बारे में तहसीलदार से पत्राचार करने का निर्णय लिया गया। स्वच्छता को लेकर कूड़ा इकट्ठा करने के लिए नई पिकअप गाड़ी खरीदने का निर्णय लेकर निदेशक शहरी विकास विभाग से अनुमति मांगी गई है। वहीं पार्किंग के आवंटन के लिए दिसंबर माह की तिथि निर्धारित की गई।
बैठक में पुलिस प्रशासन से आग्रह किया गया कि नो पार्किंग जोन में खड़ी गाड़ियों का समय पर औचक निरीक्षण किया जाए। एसवीएम स्कूल के लंबित गृह कर किस्तों में वसूला जाएगा। बैठक में टैक्सी यूनियन के मांग पत्र पर भी चर्चा की गई। हवा घर के पास पार्किंग में सार्वजनिक शौचालय बनाने का निर्णय भी लिया गया।
पथ परिवहन निगम प्रबंधन से मांग की गई कि नए बस स्टैंड की दशा सुधारी जाए। स्थानीय विधायक संजय अवस्थी को पत्र भेजने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा बैठक में गृहिणी सुविधा योजना के तहत दो केस भी मंजूर किए गए।
बैठक में सचिव अभिनव शर्मा, उप प्रधान हेमेंद्र गुप्ता, पार्षद सुरेंद्र कुमार, निर्मला देवी, भारती वर्मा, धर्मपाल शर्मा, रुचिका गुप्ता, जेई सुशील कौंडल, कनिष्ठ सहायक राम करण वर्मा और सफाई पर्यवेक्षक नरेंद्र कुमार ने भाग लिया।