परवाणू के दशहरा मैदान में आयोजित जनमंच कार्यक्रम में समस्याएं सुनते स्वास्थ्य मंत्री राजीव सैज?
- फोटो : SOLAN
सोलन। साहब...1100 और 2300 नंम्बर पर शिकायत करने के बाद भी पानी की समस्या का समाधान नहीं हुआ है। जब समस्या को लेकर जल शक्ति विभाग के कनिष्ठ अभियंता से बात करें तो वे कहते हैं कि जहां मर्जी शिकायत कर लो।
इस बात को सुन शांत रहने वाले स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा आयुष मंत्री डॉ. राजीव सैजल पहली ही शिकायत पर भड़क गए। जल शक्ति विभाग के कनिष्ठ अभियंता को मंत्री ने फटकार लगाते हुए काम करने के लिए उपयुक्त स्थान देखने की भी बात कह दी।
उन्होंने कहा कि अगर निर्वाचन क्षेत्र में काम करना है तो काम करने की भावना रखें। जिला सोलन के औद्योगिक क्षेत्र परवाणू के दशहरा ग्राउंड में 21वां जनमंच आयोजित हुआ। इस दौरान लोगों ने एक-एक कर सरकार व प्रशासन के समक्ष अपनी मांगें और शिकायतें रखीं।
जनमंच शुरू होते ही पहली शिकायत टकसाल पंचायत के वार्ड सदस्य ने रखी। उन्होंने बताया कि पंचायत क्षेत्र में पानी की समस्या और गांव धगगड़ में पानी सप्लाई खोलने के लिए कर्मचारी नहीं है। इस कारण लोगों को समयानुसार पानी नहीं मिल पाया है।
वार्ड सदस्य ने कहा कि वय पिछले चार वर्षों से पानी खोलने का कार्य कर रहे हैं। जो कर्मचारी यहां तैनात किया है, वह दूसरे गांव का है जिस कारण खासी परेशानी हो रही है। इस समस्या को सुनने पर अधिशासी अभियंता ने कहा कि पिछले छह दिनों से कर्मी तैनात किया है।
वार्ड सदस्य ने समस्या को लेकर जब कनिष्ठ अभियंता की कार्यप्रणाली पर बात की तो डॉ. सैजल ने कहा कि यह मेरा निर्वाचन क्षेत्र है। विभाग लोगों की सेवा के लिए है। अगर उनमें गलत भावना है तो यह महापाप है।
उन्होंने कहा कि अगर जेई यहां काम नहीं करना चाहते तो बता दें। साथ ही वह अपने लिए उपयुक्त स्थान देख लें कि जाना कहां है। मंत्री ने तुरंत कार्य करने के लिए कहा और रजिस्टर लगाकर सीधी रिपोर्टिंग करने के निर्देश दिए।