एनपीए समेत अन्य मांगों को लेकर तीसरे दिन भी व्यक्त किया रोष
मांगें न मानीं तो बनाएंगे आगामी रणनीति, 24 तक किया जाएगा प्रदर्शन
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। जिलेभर में चिकित्सकों ने अस्पतालों में मरीजों का उपचार काले बिल्ले लगाकर किया। चिकित्सक तीन दिन से एनपीए और अन्य कई मांगों को लेकर रोष व्यक्त कर रहे हैं। सरकार से आग्रह कर रहे हैं कि जल्द मांगों को पूरा किया जाए। तीसरे दिन भी शांतिपूर्वक प्रदर्शन के दौरान मरीजों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा। चिकित्सकों का विरोध 24 जनवरी तक चलेगा। इस दौरान यदि सरकार मांगों को पूरा नहीं करती है तो चिकित्सक आगामी रणनीति तैयार करेंगे।
शनिवार को हिमाचल मेडिकल ऑफिसर्स एसोसिएशन जिला इकाई सोलन के सदस्य क्षेत्रीय अस्पताल में सुबह 9:30 बजे एकत्रित हुए। इसके बाद सभी ने काले बिल्ले लगाए और ओपीडी में बैठना शुरू किया। जिले के अन्य अस्पतालों के चिकित्सकों ने भी काले बिल्ले लगाकर सेवाएं दीं। उधर, सोलन इकाई के अध्यक्ष डॉ. कमल अटवाल ने बताया कि नान प्रैक्टिस अलाउंस (एनपीए) को बहाल करना प्रमुख मांग है। कई बार डॉक्टर प्रदर्शन कर चुके हैं, हर बार केवल आश्वासन ही मिला है। साथ ही 4-9-14 की बहाली, एड्स कंट्रोल सोसायटी में परियोजना निदेशक का कार्यभार वापस स्वास्थ्य निदेशक को दिया जाए। पात्रता एवं वरिष्ठता के आधार पर निदेशक स्वास्थ्य सेवाएं, जेडी, डीडी, सीएमओ, एसएमएस, बीएमओ को वरिष्ठता के आधार पर पदोन्नति दी जाए। किसी को भी सेवानिवृत होने के बाद एक्सटेंशन न दी जाए।