पंजेहरा (सोलन)। कोरोना के बढ़ते संक्रमण के बीच गुल्लरवाला-करसौली में दंगल प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। यहां पर दुकानें भी सजाई गई। भीड़ को देखते हुए जैसे ही स्थानीय प्रशासन को सूचना मिली तो मौके पर जाकर पंजेहरा के नायब तहसीलदार व जोघों पुलिस की मदद से दंगल प्रतियोगिता बंद करवाई गई।
बीबीएन कोरोना संक्रमण से जूझ रहा है, वहीं नालागढ़ के गुल्लरवाला करसोली में दंगल प्रतियोगिता का आयोजन हैरानी करने वाला था। रविवार को पीरस्थान मेला को प्रशासन ने बंद करवाया गया। इसके बावजूद गुल्लरवाला-करसौली लोगों ने कोरोना का कोई भय नहीं दिखा। इस दंगल में नामी पहलवान ने अपने करतब से लोगों को भरपूर मनोरंजन किया।
हैरानी की बात है कि सैकड़ों की संख्या में दर्शक दंगल प्रतियोगिता देखने भी पहुंचे। इस दौरान सोशल डिस्टेंस की धज्जियां उड़ी और लोगों छतों पर एक साथ बैठ कर दंगल देखते रहे। सूचना मिलते ही नायब तहसीलदार राज कुमार व जोघों पुलिस मौके पर पहुंचे और उन्होंने कोविड नियमों का पालन करवाने व दंगल बंद करने को कहा।
उधर, नालागढ़ के एसडीएम ने बताया कि दंगल कमेटी ने खेल प्रतियोगिता के लिए ऑनलाइन अनुमति ले रखी थी। जब काफी संख्या में लोग जमा हुए तो सूचना मिलते ही प्रशासन ने दंगल को रुकवा दिया और पीरस्थान में लोगों की आस्था होने पर लोगों को कोविड नियमों का पालन कर माथा टिकवाया गया।