संवाद न्यूज एजेंसी
धर्मपुर (सोलन)। जिले में 22 अप्रैल तक लगने वाले स्वास्थ्य मेले का शुभारंभ चिकित्सा खंड धर्मपुर के टीबी अस्पताल से किया गया। मेले का शुभारंभ स्वास्थ्य मंत्री डॉ. राजीव सैजल ने किया जबकि उपायुक्त सोलन कृतिका कुलहरी, उपमंडलाधिकारी कसौली डॉ. संजीव कुमार धीमान भी मौजूद रहे।
मेले के पहले दिन धर्मपुर में 850 लोगों ने विशेषज्ञ चिकित्सकों और टेस्ट सुविधाओं का लाभ उठाया। मेले को लेकर लोगों की सुबह नौ बजे ही कतारें लगना शुरू हो गई और करीब तीन बजे तक लोग मेले में उपचार के लिए पहुंचे। इस दौरान धर्मपुर ही नहीं बल्कि कंडा, कसौली, गढ़खल, सनवारा और अन्य जगहों से लोगों ने मेले में पहुंचे।
स्वास्थ्य मेले में लोगों को हड्डी रोग विशेषज्ञ, शिशु रोग विशेषज्ञ, मेडिसन, आईएनटी, महिला रोग विशेषज्ञ समेत अल्ट्रासाउंड, रक्त जांच, एक्स-रे, बीपी, शुगर, कोरोना जांच व अन्य प्रकार की जांच की गई। वहीं रक्तदान शिविर, आयुष्मान कार्ड सुविधा, हिमकेयर कार्ड, डिसएबिलिटी कार्ड समेत अन्य सुविधाएं भी दी गई।
इसके अलावा नशे को छुड़वाने के लिए जागरूक, मरणोपरांत अंगदान पत्र, फूड टेस्टिंग वैन, कुष्ठ रोग व क्षय रोग जांच की सुविधा भी दी गई। अब अन्य चिकित्सा खंडों में लोगों को स्वास्थ्य मेेले के माध्यम से सुविधाएं दी जाएगी।
गौर रहे कि केंद्र सरकार के आदेशानुसार जिला में स्वास्थ्य मेले आयोजित किए जा रहे हैं। यह स्वास्थ्य मेला 18 से 22 अप्रैल तक पांचों चिकित्सा खंडों में लगाए जाएंगे। मेले में लोगों को सुपरस्पेशियलिटी चिकित्सकों समेत आधुनिक टेस्ट की सुविधा भी दी जाएगी।
इस स्वास्थ्य मेले में महिला एवं बाल विकास विभाग समेत स्वयं सहायता समूह की ओर से भी विभिन्न प्रकार की जानकारी दी गई। आजादी के अमृत महोत्सव को लेकर केंद्र सरकार की ओर से कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में अब लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देने के लिए सम्मेलन लगाए जा रहे हैं। प्रदेश में पहली बार ऐसा होगा कि इस प्रकार के बड़े स्वास्थ्य शिविर के माध्यम से लोगों को सुविधाएं मुहैया करवाई जा रही है।
जिला सहकारी विपणन संघ के अध्यक्ष सुदंरम ठाकुर, ग्राम पंचायत धर्मपुर की प्रधान बीना गुप्ता, ग्राम पंचायत आंजी मातला के प्रधान नरेंद्र शर्मा, ग्राम पंचायत गढख़ल-कसौली के प्रधान राम सिंह, बीडीसी धर्मपुर के उपाध्यक्ष मदन मोहन मेहता, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजन उप्पल, जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. एके सिंह, खंड चिकित्सा अधिकारी धर्मपुर डॉ. अमित रंजन तलवार समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
घर-द्वार पर हर सुविधा दे रही सरकार : डॉ. सैजल
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. राजीव सैजल ने कहा कि प्रदेश सरकार लोगों को बेहतर सुविधा देने के लिए कार्य कर रही है। बेहतर चिकित्सा सुविधा लोगों को घर-द्वार पर दी जा रही हैं। उन्होंने कहा कि मेले का उद्देश्य लोगों को बेहतर उपचार की सुविधा देना है। केंद्र की आयुष्मान तथा प्रदेश सरकार की हिमकेयर और सहारा योजना से अनेक रोगियों को समय पर सहायता प्राप्त हुई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार इस वर्ष स्वास्थ्य सुविधाओं एवं विस्तार पर 2752 करोड़ खर्च कर रही है।