अर्की/सोलन। विधानसभा के उपचुनाव के लिए पिछले करीब एक माह से जारी चुनाव प्रचार का शोर थम गया है। वीरवार को यहां से चुनाव लड़ रहे प्रत्याशियों ने घर-द्वार जाकर लोगों से वोट की अपील की। वहीं प्रशासन और चुनाव विभाग ने निर्वाचन की सभी तैयारियां कर ली हैं।
आदर्श आचार संहिता के बीच वीरवार शाम छह अर्की विस के सभी शराब ठेकों पर ताले जड़ दिए गए। इसके अलावा मतदान के तैयार 154 पोलिंग पार्टियां पुलिस सुरक्षा के बीच 31 बसों में चुनाव सामग्री के साथ बूथों के लिए रवाना हो गई।
पांच अतिसंवेदनशील पोलिंग बूथों की सुरक्षा बढ़ा दी गई हैं। यहां पैरामिलिट्री फोर्स तैनात कर दी गई है। उपमंडलाधिकारी अर्की शहजाद आलम ने बताया कि अर्की मुख्यालय से 154 पोलिंग पार्टी रवाना की गई। इसके लिए 12 सेक्टरों पर 35 रूट चिह्नित किए हैं।
पांच काउंटर बनाए गए हैं जिसमें से उपचुनाव से संबधित सामान कर्मचारियों को देकर उन्हें 154 बूथों के लिए रवाना कर दिया गया। उपचुनाव के लिए इस बार दो महिला बूथ 62 और 63 बनाए गए हैं। इनमें रावमापा छात्र अर्की तथा रावमापा छात्रा अर्की को शामिल किया गया है। इनमें महिला कर्मचारियों को तैनात किया गया है।