राजगढ़ (सिरमौर)। जिला सिरमौर की एसआईयू पुलिस टीम ने राजगढ़ के हाब्बन में एक महिला और युवक से तीन किलो 44 ग्राम चरस बरामद की है। पुलिस ने राजगढ़ थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार सिरमौर पुलिस की विशेष अन्वेषण इकाई (एसआईयू) की टीम ने चंदोल-हाब्बन मार्ग में नाकाबंदी की थी। रविवार मध्यरात्रि हाब्बन की तरफ से एक व्यक्ति जिसने पीठ पर पिट्ठू बैग लटकाया था और एक महिला भी उसके साथ थी, शलैच कैंची की तरफ आ रहे थे। इस दौरान एसआईयू टीम के सहायक उप निरीक्षक महिपाल ने इन दोनों का नाम और पता पूछा।
युवक ने अपना नाम विक्रम (26) और महिला ने रीता देवी (41) दोनों निवासी निवासी गांव खनिवड नाड मेला बताया। पुलिस ने जब तलाश ली तो पिट्ठू बैग में एक नीले रंग का कैरी बैग में तीन किलो 44 ग्राम चरस पाई गई। लिहाजा, पुलिस ने थाना राजगढ़ में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
डीएसपी भीष्म ठाकुर ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस छानबीन के दौरान पता लगाएगी कि वह नशे की खेप को कहां से लाए थे और कहां इसकी सप्लाई करने वाले थे। उन्होंने बताया कि पुलिस की नशा माफिया के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।