संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन(सिरमौर)। प्राचीन श्री वामन भगवान मंदिर समिति और मंदिर ठाकुरद्वारा रघुनाथ जी ट्रस्ट नाहन के सौजन्य से इस वर्ष भगवान श्री वामन जी के पावन पर्व पर एक भव्य महोत्सव का आयोजन होने जा रहा है। ऐतिहासिक चौगान मैदान में यह उत्सव 18 से 27 सितंबर तक पूरे विधि-विधान और हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। नगर परिषद की ओर से इस 10 दिवसीय आयोजन के लिए विधिवत अनुमति प्रदान कर दी गई है।
नाहन में प्रेसवार्ता के दौरान योगेश्वर दत्त ने बताया कि महोत्सव के दौरान पूरे 10 दिनों तक धार्मिक, सांस्कृतिक और संगीत प्रेमियों के लिए विशेष आयोजन किए जाएंगे। इस उत्सव का मुख्य आकर्षण एक विशाल भजन संध्या होगी, जिसमें पंजाब के सुप्रसिद्ध गायक रोशन प्रिंस अपनी मधुर आवाज में भजनों की प्रस्तुतियां देंगे। मेले में हिमाचल के मशहूर लोक गायक नाटी किंग कुलदीप शर्मा अपनी शानदार प्रस्तुति से दर्शकों को झूमाएंगे। इसके अलावा, अपनी सुरीली धुनों के लिए मशहूर हिमाचल प्रदेश पुलिस बैंड (हारमोनी ऑफ द पाइन) भी इस मंच पर अपनी कला का प्रदर्शन करेगा।
आयोजन समिति ने प्रेस वार्ता के माध्यम से क्षेत्र की जनता से अपने पूरे परिवार के साथ इस 10 दिवसीय महोत्सव में हिस्सा लेने की अपील की है।-