टायरों की कमी से नाहन डिपो की सात बसें खड़ी, यात्रियों की बढ़ी परेशानी
सराहां सब डिपो की चार और नाहन की तीन बसें रूटों पर नहीं जा रहीं
आए दिन बस सेवा प्रभावित होने से लोगों को करना पड़ रहा दिक्कतों का सामना
संवाद न्यूज एजेंसी
सराहां (सिरमौर)। टायरों की कमी अब हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) के नाहन डिपो के बस रूटों पर भारी पड़ने लगी है। डिपो की सात बसें टायर न होने के कारण खड़ी हैं। इनमें सराहां सब डिपो की चार और नाहन डिपो की तीन बसें शामिल हैं।
बसों के रूटों पर न चलने से यात्रियों को आवाजाही में परेशानी झेलनी पड़ रही है। खासकर रोजाना कामकाज, पढ़ाई और अन्य जरूरी कार्यों के लिए बसों पर निर्भर रहने वाले लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। क्षेत्रवासियों का कहना है कि आए दिन किसी न किसी रूट पर बस सेवा बाधित हो जाती है। कई बार लोगों को बस का इंतजार करने के बाद भी दूसरे साधनों से गंतव्य तक पहुंचना पड़ रहा है।
ग्रामीण क्षेत्रों में परिवहन के सीमित विकल्प होने के कारण बस सेवा प्रभावित होने का सीधा असर आम लोगों की दिनचर्या पर पड़ रहा है। क्षेत्रवासी सोम ठाकुर, राजेश कुमार, नरपत सिंह, बलबीर सिंह, देव स्वरूप शर्मा, नरेश कुमार, विकास शर्मा और सोहन सिंह ने बताया कि बसों के नियमित संचालन में बाधा आने से यात्रियों को परेशानी हो रही है।
उन्होंने सरकार और निगम प्रबंधन से मांग की कि बसों के लिए टायर समय पर उपलब्ध करवाए जाएं, ताकि रूटों पर नियमित सेवा बहाल हो सके। लोगों का कहना है कि बसों के टायर और ईंधन जैसी आवश्यक जरूरतें पूरी करना निगम और सरकार की जिम्मेदारी है। बसें खड़ी रहने से यात्रियों को सुविधा नहीं मिल पा रही और निगम को भी नुकसान उठाना पड़ रहा है।
नाहन डिपो के डीडीएम राम दयाल ने बताया कि टायरों की कमी के कारण सात बसों के रूट प्रभावित हुए हैं। जैसे ही टायर उपलब्ध होंगे, बसों को संबंधित रूटों पर भेज दिया जाएगा।-