नौहराधार (सिरमौर)। नौहराधार-बोगधार पर स्थित ट्रेजरी कार्यालय को भूस्खलन के बाद खतरा पैदा हो गया है। भारी बारिश से लगातार हो रहे भूमि कटाव के चलते कार्यालय के आगे लगा डंगा पहले ही क्षतिग्रस्त हो चुका है। धीरे-धीरे भूमि कटाव कार्यालय भवन के आगे पहुंच गया है। ऐसे में कार्यालय के ध्वस्त होने की आशंका लगातार बनी हुई है। निजी भवन में चल रहे ट्रेजरी कार्यालय के साथ-साथ आंगनबाड़ी स्टोर भी भूस्खलन की जद में है।
उधर, ट्रेजरी कार्यालय के प्रभारी अनिल पुंडीर ने बताया कि इस बारे में तहसीलदार को अवगत करा दिया है। उन्होंने कहा कि यदि जल्द ही डंगा नहीं लगा तो कार्यालय भवन कभी भी गिर सकता है। उन्होंने बताया कि बारिश के कारण हो रहे भूस्खलन के कारण कार्यालय को किसी सुरक्षित जगह शिफ्ट भी करना पड़ सकता है।
---
बाक्स-
क्या कहते हैं अधिकारी--
तहसीलदार नौहराधार हीरा सिंह ने बताया कि कार्यालय भवन के आगे ध्वस्त हुए डंगे व भूस्खलन से कार्यालय को होने वाले नुकसान की रिपोर्ट एसडीएम संगडाह को भेजी जा रही है। इसके बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
--
कार्यालय भवन में लगे हैं लाखों के कंप्यूटर
ट्रेजरी भवन कार्यालय में लाखों के कंप्यूटर लगे हैं। इसके अलावा अन्य भी सामान कार्यालय में पड़ा है। यदि इस कार्यालय को यहां से शिफ्ट भी करना पड़ा तो बरसात के दौरान सामान व फाइलों को किसी अन्य जगह स्थानांतरित करना काफी मुश्किल कार्य है। वहीं यदि जल्द ही डंगा नहीं लगा तो किसी बड़े हादसे की संभावनाओं से भी इनकार नहीं किया जा सकता है।