नाहन(सिरमौर)। हिमाचल में शनिवार को आयोजित की गई पटवारी भर्ती परीक्षा में सिरमौर जिला से 13 हजार से अधिक अभ्यर्थी शामिल हुए। लगभग 1 हजार अभ्यर्थी परीक्षा देने नहीं आए। यह परीक्षा सुचारु रूप से संपन्न करवाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा माकूल प्रबंध किए गए। गनीमत यह रही कि परीक्षा में किसी तरह का कोई विघ्न नहीं पड़ा। शांतिपूर्वक परीक्षा संपन्न हुई।
इस परीक्षा को लेकर जिला भर के युवाओं में भारी जोश देखा गया। जिला के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के युवा सुबह समय से काफी पहले ही अपने परीक्षा केंद्रों में पहुंच गए थे। दोपहर में परीक्षा संपन्न होने के बाद परीक्षार्थी अपने गंतव्यों को रवाना हो गए। जानकारी के अनुसार जिला सिरमौर में करीब 14 हजार परीक्षार्थियों ने यह परीक्षा देने के लिए आना था। इसके लिए जिला के नाहन, पांवटा, शिलाई, राजगढ़, सराहां व संगडाह आदि ब्लॉकों के विभिन्न शिक्षण संस्थाओं में 64 केंद्र बनाए गए।
सुबह 11 बजे से साढे़ 12 बजे तक चली इस परीक्षा में 13 हजार परीक्षार्थी शामिल हुए। इसके अलावा 1 हजार परीक्षार्थी नहीं आये। प्रशासन ने इस परीक्षा को सफलता पूर्वक आयोजित होने पर राहत की सांस ली है। जिला राजस्व अधिकारी रजनीश ने बताया कि परीक्षा सफलतापूर्वक आयोजित की गई।
--बाक्स--
बंद मार्ग ने रोकी परीक्षा
पटवारी की परीक्षा के लिए कई महीने पहले से जुटे कुछ युवाओं की तैयारियों पर मौसम पानी फेर दिया। बारिश के चलते हुए भूस्खलन के कारण हरिपुरधार-सोलन मार्ग बंद रहा, जिस कारण इस मार्ग से होकर परीक्षा देने आने वाली करीब डेढ़ सौ युवा परीक्षा केंद्रों पर नहीं पहुंच पाए और परीक्षा देने से वंचित रह गए।
-