नाहन में एचआरटीसी वर्कशॉप पर टूल डाउन हड़ताल पर बैठे पीसमील कर्मचारी।
- फोटो : NAHAN
नाहन (सिरमौर) । अनुबंध के लिखित आदेश की मांग को लेकर टूल डाउन हड़ताल पर बैठे पीसमील वर्करों को दूसरे दिन भी तकनीकी कर्मचारी संगठन का समर्थन नहीं मिला। शुक्रवार को पीसमील मील कर्मचारी मंच के पदाधिकारी व सदस्य ही हड़ताल पर बैठे रहे। जबकि, तकनीकी कर्मचारी संगठन के कर्मियों ने कर्मशाला में मरम्मत कार्य जारी रखा।
समय 2:35 बजे। स्थान नाहन कर्मशाला। पीसमील वर्कर तकनीकी कर्मचारियों के हड़ताल में साथ देने का इंतजार करते रहे लेकिन कोई भी तकनीकी कर्मी उनके समर्थन में नहीं पहुंचा। इस बीच तकनीकी कर्मचारी बसों की मरम्मत करते नजर आए। चार बजे तक भी कोई कर्मी हड़ताल के समर्थन में नहीं उतरा।
सूत्रों की मानें तो अन्य जिलों में तकनीकी कर्मचारी संगठन ने पीसमील वर्करों की हड़ताल का समर्थन किया है और दो घंटे हड़ताल पर भी बैठे लेकिन नाहन कर्मशाला में पीसमील वर्कर अकेले ही हड़ताल पर डटे रहे। ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि कहीं तकनीकी कर्मचारियों पर कोई अधिकारिक दबाव तो नहीं।
पीसमील कर्मचारी मंच को अब शनिवार को होने वाली निगम की बोर्ड ऑफ डायरेक्टर की बैठक से आस बंधी है। मंच पदाधिकारियों का कहना है कि बोर्ड ऑफ डायरेक्टर की बैठक में पीसमील वर्करों की मांगों को पूरा कर दिया जाएगा। उधर, पीसमील कर्मचारी मंच ने शुक्रवार को भी टूल डाउन हड़ताल जारी रखी। इस दौरान मांगों को लेकर सरकार और निगम प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की। पीसमील कर्मचारी मंच पदाधिकारियों ने रोष जताते हुए कहा कि सरकार और निगम ने कर्मचारियों के भविष्य को लेकर गंभीर नहीं है। पीसमील कर्मचारी मंच नाहन के प्रधान जगदीश चंद ने बताया कि अनुबंध के लिखित आदेश की मांग को लेकर कर्मियों ने शुक्रवार को भी टूल डाउन हड़ताल जारी रखी। उन्होंने कहा कि पीसमील वर्करों को शनिवार को निगम की बोर्ड ऑफ डायरेक्टर की बैठक से आस बंधी है। उम्मीद है कि बैठक में उनकी मांगों को पूरा किया जाएगा।
इस मौके पर पीसमील कर्मचारी मंच के उपप्रधान संदीप ठाकुर, सचिव अंकित कुमार, मीडिया प्रभारी मनीष कुमार, सुनील, मीरा देवी, अशोक ठाकुर, सुरेश ठाकुर, पदम सिंह, पवन कुमार, कपिल शर्मा सहित मंच के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
---------------