शंकर विद्या निकेतन स्कूल राजगढ़ में विदाई समारोह में मौजूद विद्यार्थी, स्कूल स्टाफ व अन्य। संवा
शंकर विद्या निकेतन में विदाई समारोह का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
राजगढ़ (सिरमौर)। शंकर विद्या निकेतन पब्लिक उच्च विद्यालय में कक्षा नौवीं के छात्र-छात्राओं ने कक्षा दसवीं के विद्यार्थियों के सम्मान में भव्य विदाई समारोह का आयोजन किया। समारोह में विभिन्न गतिविधियों और प्रतियोगिताओं के आधार पर अनुज को मिस्टर फेयरवेल और आरुषी तोमर को मिस फेयरवेल चुना गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर समां बांध दिया। नृत्य प्रस्तुतियों ने उपस्थित सभी लोगों का मन मोह लिया, वहीं म्यूजिकल चेयर जैसी रोचक प्रतियोगिताएं भी आकर्षण का केंद्र रहीं। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर कार्यक्रम का भरपूर आनंद उठाया। समारोह के अंत में विद्यार्थियों ने एक-दूसरे को स्मृति-चिह्न और उपहार भेंट किए, जिससे माहौल भावुक हो गया।
इस अवसर पर स्कूल अध्यक्ष वैभव शर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए मेहनत, ईमानदारी, अनुशासन, नम्रता और सहनशीलता जैसे गुणों को अपनाना आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को नशे जैसी बुरी आदतों से दूर रहने की सलाह देते हुए एक जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया। संवाद