कोलर में एनएसएस का चल रहा शिविर, नशे से दूर रहने का आग्रह
संवाद न्यूज एजेंसी
पांवटा साहिब (सिरमौर)। वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कोलर में एनएसएस का सात दिवसीय विशेष शिविर आयोजित किया जा रहा है। शिविर के तहत जागरूकता और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया।
मुख्य अतिथि मेरा गांव मेरा देश एक सहारा संस्था के निदेशक डॉ. अनुराग गुप्ता ने विद्यार्थियों को साइबर क्राइम से बचाव, सुरक्षित इंटरनेट उपयोग, सोशल मीडिया जागरूकता और नशा मुक्ति के बारे में जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों से अच्छे नागरिक बनने और गलत संगत और नशे से दूर रहने का आग्रह किया।
कार्यक्रम में जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण से संजीव कुमार ने बच्चों को मौलिक अधिकार, कर्तव्यों और निशुल्क कानूनी सहायता सुविधाओं के बारे में बताया। संस्था की अध्यक्ष पुष्पा खंडूजा ने सामाजिक और शैक्षिक कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए अनुशासन, स्वास्थ्य और पढ़ाई के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को प्लास्टिक रैपर और कचरे से पॉलीब्रिक्स बनाकर पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने और अपने जन्मदिन पर एक पेड़ लगाने का संकल्प लेने को प्रेरित किया।
शाम को आयोजित सांस्कृतिक संध्या में स्वयंसेवियों ने नाटी और लोक नृत्य प्रस्तुत कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। हिल व्यू पब्लिक स्कूल की छात्रा सिया ने सिंगल-यूज प्लास्टिक, नशा मुक्ति और पर्यावरण संरक्षण पर कविता सुनाई। स्वयंसेवियों ने स्वच्छता, सामाजिक जागरूकता अभियानों और शिविर की गतिविधियों की जानकारी भी दी। इस अवसर पर प्रधानाचार्य राजकुमार शर्मा, एनएसएस प्रभारी बाबूराम शर्मा और टीम ने अतिथियों का स्वागत किया।