संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। पांच से 12 साल तक के बच्चों को लगने वाले टीके को लेकर अभिभावकों में काफी उत्साह है। अंतरराष्ट्रीय रेस्लर द ग्रेट खली ने भी कहा कि सबको कोरोना से बचने के लिए टीका लगाया जाना जरूरी है। कोरोना के खात्मे के लिए यह आवश्यक है कि लोग आगे आएं और सरकार की इस मुहिम को सफल बनाएं।
उधर, नाहन शहर के अभिभावकों ने भी टीकाकरण में अपना सहयोग देने की बात कही। बता दें कि टीकाकरण अभियान के अंतर्गत जिले के स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों पर अभिभावकों की मौजूदगी में यह टीका लगाया जाएगा। बच्चों को निगरानी में रखा जाएगा। उम्मीद की जा रही है कि जल्द ही यह अभियान शुरू होगा। स्वास्थ्य विभाग भी अपने स्तर पर तैयारियों में जुटा है।
बच्चों को टीका लगाने का अच्छा कदम : प्रवेश बंसल
अभिभावक प्रवेश बंसल ने कहा कि कोरोना से बचाव को लेकर सरकार का टीकाकरण अभियान अच्छा कदम है। इससे कोरोना से मुक्ति मिलेगी। उन्होंने बताया कि अब सरकार व विभाग पांच से 12 वर्ष की आयु के बच्चों का टीकाकरण कर रही है, जो सराहनीय है। इससे हमारे नौनिहालों की जिंदगी सुरक्षित होगी।
छोटे बच्चों की होगी कोरोना से सुरक्षा : अशोक कुमार
नाहन के अशोक कुमार ने बताया कि कोविड महामारी से बचाव के लिए टीकाकरण जरूरी है। खास कर छोटे बच्चों के लिए यह और भी महत्वपूर्ण हो जाता है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की है कि वह अपने बच्चों को टीका जरूर लगवाएं।
जरूरी है टीका लगवाना : मृत्युंजय मंडल
अभिभावक मृत्युंजय मंडल ने कहा कि सतर्कता ही कोरोना से बड़ा बचाव है। उन्होंने दोनों डोज लगवा ली है। अब वह अपने बच्चे को भी कोरोना से बचाव का टीका लगवाएंगे ताकि इस महामारी से बचाव हो सके। पांच से 12 वर्ष के बच्चों के लिए टीकाकरण जरूरी है।
बेटी को जरूर लगवाएंगे टीका : विजय कुमार
सैनधार के विजय ठाकुर ने कहा कि उनकी बेटी भी इस आयु वर्ग में आती है। सरकार और विभाग की ओर से इस आयु वर्ग के बच्चों के टीकाकरण के बारे में उन्हें जानकारी मिली है। जब विभाग की ओर से वैक्सीनेशन के लिए बुलाया जाएगा वे अपनी बिटिया को टीका जरूर लगवाएंगे।
बच्चों की सुरक्षा सबसे पहले : अभिभावक
अभिभावक नरेश ठाकुर ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा सबसे पहले है। इसलिए सभी टीकाकरण करवाएं। उन्होंने कहा कि पांच से 12 वर्ष की आयु के बच्चों के टीकाकरण के लिए सरकार और विभाग अच्छी पहल की है। सभी आयु वर्ग के लोग कोरोना से बचाव का टीका लगवाएं।