नाहन (सिरमौर)। जिला सिरमौर पुलिस की पीओ सेल ने ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट के अंतर्गत न्यायिक मैजिस्ट्रेट नाहन की ओर से उद्घोषित अपराधी को पकड़ने में सफलता हासिल की है। पीओ सेल टीम के सदस्य आरक्षी इरफान और नरवीर नेे उद्घोषित अपराधी को हरियाणा के महेशनगर से दबोचा है।
जानकारी के अनुसार 29 जून 2019 को न्यायिक मजिस्ट्रेट नाहन ने ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट के अंतर्गत हरियाणा के अंबाला कैंट निवासी अंकित शर्मा को उद्घोषित अपराधी घोषित किया था। पीओ सेल टीम काफी समय से इसकी तलाश कर रही थी लेकिन अपराधी अपने निवास अंबाला कैंट की बजाए पता बदलकर दूसरी जगह रह रहा था। पीओ सेल की टीम ने बीते सोमवार को उसे हरियाणा के महेश नगर से पकड़ा है। अपराधी को पुलिस कोर्ट में आगामी कार्रवाई के लिए पेश करेगी।
पुलिस अधीक्षक सिरमौर ओमापति जम्वाल ने बताया कि पीओ सेल की टीम ने उद्घोषित आरोपी को गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।