जिला सिरमौर के नाहन शहर के बड़ा चौक स्थित सब्जी मंडी पहुंचकर विक्रेताओं को कड़ी हिदायत देते उपाय?
- फोटो : NAHAN
नाहन (सिरमौर)। बढ़ते कोरोना संक्रमण के चलते प्रशासन की ओर से जारी आदेशों का नाहन में पालन होता नहीं दिख रहा है। शाम साढ़े छह बजे के बाद भी बड़ा चौक व छोटा चौक समेत गुन्नूघाट तरफ की कई दुकानें खुली रहीं।
समय करीब 6:38 पर बाजार में कई दुकानें खुली रहीं तो इसी बीच कई दुकानदारी समेटते भी नजर आए। कुछ दुकानदार दुकानों पर ताला जड़ते दिखे। इस दौरान उपायुक्त सिरमौर आरके गौतम व पुलिस अधीक्षक ओमापति जम्वाल भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने नाहन बाजार में 6:30 बजे के बाद खुली दुकानों को बंद करवाया। साथ ही कई दुकानदारों को कड़ी हिदायतें भी दीं। बड़ा चौक में उपायुक्त ने सब्जी मंडी को भी बंद कराया। प्रशासन के बाजार में उतरते ही दुकानदारों में भी हड़कंप मचा रहा।
बता दें कि जिला प्रशासन ने कोविड के बढ़ते मामलों के दृष्टिगत जिला में गैर-जरूरी वस्तुओं से संबंधित बाजार की सभी दुकानें और व्यावसायिक प्रतिष्ठान के खुलने का समय सुबह 9 बजे से शाम 6:30 तक तय किया है, जिसकी अनुपालना सुनिश्चित करने के लिए बुधवार को उपायुक्त ने पुलिस अधीक्षक के साथ बाजार में तय समय के बाद तक खुली दुकानों को खुद बंद करवाया और लोगों को कोरोना के प्रति जागरूक किया। उपायुक्त ने कहा कि यदि नियमों का उल्लंघन हुआ तो कड़ी कार्रवाई भी अमल में लाई जाएगी।