बारिश के बाद बदहाल सड़क पर बस हादसा होते-होते बचा
तीन वर्षों के बाद भी आधा दर्जन स्थलों पर सुरक्षा दीवार नहीं बनाई
एपीएमसी के पूर्व अध्यक्ष समेत ग्रामीणों ने सुरक्षा दीवार की उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
पांवटा साहिब (सिरमौर)। राजबन से भरोग बनेड़ी जमटा सड़क पर कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। करीब आधा दर्जन हादसों के लिए गंभीर ब्लैक स्पॉट बन चुके हैं। पिछले तीन वर्षों से इन स्थलों पर सुरक्षा दीवार (रिटेनिंग वॉल) नहीं बनी है। शनिवार को संवेदनशील मार्ग पर बस हादसा होते होते बचा। क्षेत्रवासियों ने लोक निर्माण विभाग से शीघ्र समस्या का समाधान करने की मांग उठाई है।
एपीएमसी के पूर्व अध्यक्ष रामेश्वर शर्मा, अनिता शर्मा प्रधान भरोग बनेड़ी, सुरजीत सिंह उपप्रधान समेत ग्रामीणों ने बताया कि एचआरटीसी की बस में नाहन-गातू मार्ग पर शनिवार को करीब दो दर्जन से अधिक सवारियां थीं। इसमें आईटीआई, लाइब्रेरी व शैक्षणिक संस्थानों के बच्चे भी सवार होते हैं।
बस भरोग बनेड़ी से बाइला जमटा होकर बारिश होने के चलते भरोग बनेड़ी जमटा के समीप खराब सड़क के कारण फिसलने (स्किड) लगी। हालांकि चालक ने किसी तरह नियंत्रण कर लिया। इससे हादसा होने से बच गया। इस मार्ग पर करीब आधा दर्जन ब्लैक स्पाॅट हैं। इनमें रिटेनिंग वॉल देने की मांग तीन वर्ष पहले जब बादल फटने से सिरमौरीताल आपदा आई थी। उस समय से इस मार्ग को ठीक करने की मांग उठती रही है।
पिछले तीन वर्षों से लोक निर्माण विभाग हादसों के लिए संवेदनशील स्थलों पर सुरक्षा दीवार (रिटेनिंग वॉल) नहीं दे सका है। इससे ग्रामीणों में हादसे के भय के साथ नाराजगी व्याप्त है।
लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता दलीप सिंह तोमर ने कहा कि इसके लिए टेंडर प्रक्रिया हो चुकी है। इस मार्ग पर संवेदनशील ऐसे स्थलों पर अतिशीघ्र सुरक्षा दीवार का कार्य शुरू करवा दिया जाएगा।
संवाद