पांवटा साहिब (सिरमौर)। पांवटा साहिब-शिलाई राष्ट्रीय उच्चमार्ग पर सिरमौरी ताल के समीप टिपर पलटने से एक घंटे तक मार्ग बाधित रहा। इससे पहले टिपर चालक ने एक निजी बस को भी टक्कर मारी थी। गनीमत ये रही कि बड़ा हादसा होने से टल गया। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। इस बीच एक घंटे सड़क बंद रहने से दर्जनों वाहन जाम में फंसे रहे। इसके चलते सरकारी और निजी बसों की सवारियों को भी परेशानी झेलनी पड़ी।
हादसे की सूचना पुलिस को दी गई। इसके बाद राजबन पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच शुरू की। जानकारी के मुताबिक सिरमौरी ताल के समीप एक टिपर सड़क पर ही पलट गया। इससे राष्ट्रीय उच्चमार्ग करीब एक घंटे तक बंद रहा। सूत्रों की मानें तो टिपर चालक नशे में था। चालक पहले निजी बस को टक्कर मारकर मौके से भाग रहा था।
बताया जा रहा है कि राजबन की तरफ से एक कंपनी का टिपर तेज रफ्तार से आया। इस बीच निजी बस को टक्कर मारकर चालक वह मौके पर से भाग निकला। गनीमत यह रही कि टक्कर से निजी बस में सवारियों को चोटें नही आईं और बड़ा हादसा होने से टल गया। इसके बाद कुछ ही दूरी पर टिपर अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। करीब एक घंटे सड़क रहने के बाद पुलिस ने मार्ग को बहाल कराया। पुलिस इस मामले की जांच में जुट गई है।
डीएसपी वीर बहादुर ने बताया कि एनएच पर टिपर के पलटने से मार्ग बंद हो गया था। बाद में वाहनों की आवाजाही के लिए सड़क को बहाल करवा दिया गया। राजबन पुलिस मामले की जांच में जुटी है।